Trending

वर्ल्ड कप : पाक के दो सहित बदलेगा कुछ अन्य मैचों का शेड्यूल

भारत में खेले जाने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के एक या दो नहीं,छह मैचों के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। इसमें पाक टीम के दो मैच है। कुछ अन्य मैचों के शेड्यूल में बदलाव होगा। कथित तौर पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इन संभावित बदलावों के बारे में सूचित किया गया है।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने पहले ही इस बात की पुष्टि की थी कि, तीन देशों ने वर्ल्ड कप के शेड्यूल में कुछ बदलाव करने की मांग की है। यही वजह है कि भारत पाकिस्तान मैच सहित कुल आधा दर्जन मैचों के शेड्यूल में बदलाव होगा।

11 अक्टूबर को चेन्नई में न्यूजीलैंड बांग्लादेश मैच और उसी दिन दिल्ली में इंग्लैंड बनाम अफगानिस्तान मैच के कार्यक्रम में बदलाव हो सकता है, जिसकी अंतिम पुष्टि अगले कुछ दिनों में आईसीसी की तरफ से होने की उम्मीद है। जल्द ही आईसीसी और बीसीसीआई की तरफ से हमें वर्ल्ड कप का नया शेड्यूल देखने को मिल सकता है।

एक क्रिकेट साइट की रिपोर्ट की मानें तो यह पता चला है कि वर्ल्ड कप के कार्यक्रम में छह मैचों के लिए बदलाव किया जाएगा, जिसमें दो मैच पाकिस्तान के है।

बहुप्रतीक्षित भारत पाकिस्तान मैच को कथित तौर पर एक दिन पहले 14 अक्टूबर को शिफ्ट किया गया है, जो अहमदाबाद में होगा। श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान का मैच जो 12 अक्टूबर को होना था, उसे 10 अक्टूबर को आयोजित होने की संभावना है। ये मैच हैदराबाद में होगा।

बता दें कि वर्ल्ड कप का आगाज पांच अक्टूबर से होगा और टूर्नामेंट का पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होगा, जो आईसीसी विश्व कप 2019 के फाइनल में खेली थीं।

भारत का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के साथ 8 अक्टूबर को चेन्नई में है। टूर्नामेंट का फाइनल रविवार 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, सेमीफाइनल 15 और 16 नवंबर को मुंबई और कोलकाता में होगा