Trending

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी : जीत के साथ भारत का सफर शुरू

चेन्नई : एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने जीत के साथ आगाज किया है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और वरुण कुमार के दो-दो गोल से टीम ने चीन को 7-2 से हराया।

भारत को खेल के पांचवें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत ने आसानी से गोल में बदला। तीन मिनट बाद दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत ने फिर गोल में बदलकर बढ़त 2-0 की।

पहला क्वार्टर खत्म होने से कुछ सेकंड पहले सुखजीत सिंह ने रिबाउंड पर रिवर्स हिट से गोल किया। दूसरे क्वार्टर के आगाज में ही आकाशदीप सिंह ने मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 4-0 की।

टीम मध्यांतर तक 6-2 की बढ़त पर थी, दूसरे हाफ में चीन की रक्षापंक्ति ने भारतीय हमलों को सफल नहीं होने दिया। भारत ने सात में से छह गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए।

मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम पर गुरुवार को गत विजेता कोरिया ने पिछडऩे के बाद जापान को 2-1 से हराया। मलयेशिया ने तीन बार के विजेता पाकिस्तान को 3-1 से हराया।

चार गोल से पिछड़ने के बाद चीन हरकत में आई। 18वें मिनट में वरुण कुमार अपने हाफ में गेंद को सही से रोक नहीं सके। वेनहुई ने इसे अपने कब्जे में लेते हुए गोल कर स्कोर 1-4 किया।

एक मिनट बाद ही भारत को छठा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वरुण कुमार ने गोल में बदलकर भारत को 5-1 से आगे किया। 25वें मिनट में चीन को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले। दूसरे पर जेईशेंग गाओ ने इसे गोल में बदल स्कोर 2-5 किया।

दूसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले भारत को सातवां पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वरुण कुमार ने एक बार फिर गोल में बदल बढ़त 6-2 की। तीसरे क्वार्टर में भारत ने आठवें पेनाल्टी कॉर्नर को विविधता के जरिए गोल में बदला।

हरमनप्रीत ने सीधे गोल पर निशाना साधने के बजाय मंदीप को तेज पास दिया। उन्होंने इस पर स्टिक लगाकर गोल में पहुंचाया। भारत की बढ़त 7-2 हुई। भारत को गोल करने के कई अवसर मिले, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।

पूरे मैच में भारत को नौ और चीन को चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले। मनप्रीत सिंह को उनके शानदार खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले दिन के दूसरे मैच में मलयेशिया ने तीन बार के विजेता पाकिस्तान को 3-1 से मात दी।

दूसरे क्वार्टर में मलयेशिया ने दो मिनट के अंदर 2-0 की बढ़त ली। पहला गोल फैजल सारी ने किया। प्लेयर ऑफ द मैच फिरहान अशरी ने दूसरा गोल किया।

मध्यांतर पर मलयेशिया 2-0 की बढ़त पर था। तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान को तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह किसी को भी गोल में नहीं बदल सके। काउंटर अटैक पर मलयेशिया ने 3-0 की बढ़त ली। अब्दुल रहमान ने पाकिस्तान के लिए गोल कर स्कोर 1-3 किया।

पाकिस्तान को पूरे मैच में सात पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन उसने एक भी गोल नहीं किया। ढाका में 2021 में हुई एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाले कोरिया ने टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की है। उसने जापान से एक गोल से पिछडऩे के बाद 2-1 से जीत दर्ज की।

चार बार एशियाई खेल का खिताब जीतने वाले कोरिया पर जकार्ता एशियाई खेल की विजेता जापान ने जमकर शुरुआती हमले बोले। छठे ही मिनट में रयोमा ओका ने रयोसी कातो के तेज पास पर गेंद को गोल की दिशा दिखाकर जापान को शुरुआती बढ़त दिलाई।

कोरिया को बराबरी करने में सफलता मिली जब जांगह्यून जांग का सर्किल के बाहर से ली गई जोरदार हिट को चेओलियोन पार्क ने गोल की दिशा दिखा दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में कोरिया ने बढ़त बनाई। जंग हू किम ने दाएं छोर से मिले पास पर खूबसूरत गोल किया।