Trending

चीयर फॉर इंडिया के तहत शार्ट फिल्म सीरीज ‘हल्ला बोल’ लांच


नई दिल्ली। अम्ब्रेला अभियान ‘चीयर फॉर इंडिया’ के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण ने एक लघु फिल्म सीरीज ‘हल्ला बोल’ लॉन्च की है। साई ने आने वाले हफ्तों में कुल 12 लघु फिल्में लॉन्च करने की योजना बनाई है।

उम्मीद है कि यह पहल न सिर्फ एशियाई खेल में जाने वाले एथलीटों को बल्कि देश के युवाओं को भी खेल अपनाने और खेल में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

इस पहल के बारे में बात करते हुए युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ट्वीट किया। इस सीरीज का उद्देश्य हांग्जो जाने वाले एथलीटों को प्रेरित करना और आगामी एशियाई खेल के बारे में जागरूकता फैलाना है।

‘टोक्यो ओलंपिक से पहले इसी तरह की एक फिल्म सीरीज, ‘ओलंपिक की आशा’ लॉन्च हुई थी। दोनों फिल्म सीरीज में अंतर यह है कि हल्ला बोल सीरीज मुख्य रूप से हमारे प्रतिष्ठित एथलीटों की खेल यात्रा पर केंद्रित है।

उन्होंने लिखा, “जैसा कि भारतीय दल एशियाई खेल के 19वें संस्करण के लिए तैयार है, साई की प्रेरणादायक प्रदर्शन करने वाले प्लेयर्स पर बनी हल्ला बोल सीरीज को देखना न भूलें।

यह फिल्म सीरीज हमारे प्रतिभाशाली एथलीटों की यात्रा को दिखाती है, जो एक बार फिर देश को गौरव और सफलता दिलाने के मिशन पर है।

एशियन गेम्स में केवल 50 दिन बचे है, अब समय आ गया है कि हम टीम इंडिया का समर्थन करें और अपने अनूठे और विविधतापूर्ण तरीके से उन्हें प्रोत्साहित करें।