एशिया कप टूर्नामेंट के अनधिकृत प्रसारण पर दिल्ली हाईकोर्ट की रोक
नई दिल्ली : 22 वेबसाइटों पर 31 अगस्त से 17 सितंबर तक होने वाले आगामी एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के अनाधिकृत प्रसारण या मुख्य अंश दिखाने पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है।
न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह ने स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और नोवी डिजिटल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मुकदमे पर यह आदेश पारित किया।
यह मुकदमा एशिया कप क्रिकेट मैचों और उनकी सामग्री के ‘‘अवैध और अनधिकृत प्रसार’’ के खिलाफ है। टूर्नामेंट के पाकिस्तान में चार और श्रीलंका में नौ मैच होंगे।

अदालत ने अपने हालिया आदेश में बोला, ‘‘सुनवाई की अगली तारीख तक प्रतिवादी नंबर एक से 22 और उनके लिए या उनकी ओर से काम करने वाले अन्य सभी लोगों को 31 अगस्त 2023 से 17 सितंबर 2023 तक होने वाले एशिया कप से जुड़े क्रिकेट मैचों के संबंध में होस्टिंग, स्ट्रीमिंग, प्रसारण, पुन: प्रसारण या किसी अन्य तरीके से जनता से संवाद करने या किसी भी क्रिकेट कार्यक्रम, उद्धरण, मुख्य अंश को जनता के बीच प्रसारित करने से रोका जाता है।
अदालत ने बोला कि वह ‘‘आश्वस्त है कि प्रतिवादी नंबर एक से 22 से संबंधित उक्त वेबसाइटें फर्जी वेबसाइटें है जिनमें मुख्य रूप से पायरेटेड सामग्री शामिल है।