विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की अगुवाई करेंगे नीरज चोपड़ा
नई दिल्ली। हंगरी के बुडापेस्ट में 19 अगस्त से होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के 28 सदस्यीय टीम की अगुवाई ओलंपिक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा करेंगे।
हैरान करने वाली बात है कि टीम का ऐलान भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की जगह खेल मंत्रालय ने की। एशियाई रिकॉर्डधारी गोला फेंक खिलाड़ी तेजिंदर पाल सिंह तूर 19 से 27 अगस्त तक होने वाली इस टूर्नामेंट से हट गए है क्योंकि वह ग्रोइन की चोट से उबर रहे है।

तेजिंदर को जुलाई में एशियाई चैंपियनशिप के दौरान यह चोट लगी थी। ऊंची कूद में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस्विन शंकर, 800 मीटर की धावक केएम चंदा और 20 किमी पैदल चाल की खिलाड़ी प्रियंका गोस्वामी (राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक) ने भी विश्व चैंपियनशिप में नहीं खेलने का फैसला लिया, साथ ही वो अपना ध्यान चीन के हांगझोऊ में 23 सितंबर से आठ अक्तूबर तक होने वाले एशियाई खेल पर केंद्रित करेगी।
गत डायमंड लीग विजेता नीरज चोपड़ा की निगाहें बुडापेस्ट में गोल्ड मेडल पर है। उन्होंने अमेरिका के यूजीन में 2022 में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। मेरठ की भालाफेंक एथलीट अन्नु रानी और लंबी कूद की खिलाड़ी झांसी की शैली सिंह भी टीम में है।
एथलेटिक्स टीम: महिला : ज्योति याराजी (100 मीटर बाधा दौड़), पारुल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेज), शैली सिंह (लंबी कूद), अन्नू रानी (भाला फेंक) और भावना जाट (पैदल चाल)
पुरुष : कृष्ण कुमार (800 मीटर), अजय कुमार सरोज (1500 मीटर), संतोष कुमार तमिलरनसन (400 मीटर बाधा दौड़), अविनाश मुकुंद साबले (3000 मीटर स्टीचलचेज), सर्वेश अनिल कुशारे (ऊंची कूद), जेस्विन एल्ड्रिन (लंबी कूद), एम श्रीशंकर (लंबी कूद)
प्रवीण चित्रावेल (त्रिकूद), अब्दुल्ला अबूबाकर (त्रिकूद), एल्धोज पॉल (त्रिकूद), नीरज चोपड़ा (भाला फेंक), डीपी मनु (भाला फेंक), किशोर कुमार जेना (भाला फेंक), आकाशदीप सिंह (20 किमी पैदल चाल), विकास सिंह (20 किमी पैदल चाल), परमजीत सिंह (20 किमी पैदल चाल), राम बाबू (35 किमी पैदल चाल), अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल, मोहम्मद अनस, राजेश रमेश, अनिल राजलिंगम और मिजो चाको कुरियन (पुरुष चार गुणा 400 मीटर रिले)