Trending

बीसीसीआई ने आयकर के रूप में किया 4,298 करोड़ रुपये का भुगतान


पिछले पांच वर्षों में बीसीसीआई ने आयकर के रूप में 4,298 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। आम धारणा के विपरीत, व्यापक रूप से कर छूट की अफवाहों के बीच बोर्ड ने लगातार अपने आयकर दायित्वों को पूरा किया है।

राज्यसभा में बीसीसीआई से संबंधित सरकार से पूछे गए यह तीन सवाल

क्या सरकार को पता है कि बीसीसीआई विश्व स्तर पर दूसरी सबसे अमीर खेल संस्था है और यदि हां, तो क्या पिछले पांच सालों में बीसीसीआई की आय और व्यय प्रदान किया जा सकता है?

क्या बीसीसीआई ने पिछले पांच वर्षों के दौरान कोई आयकर भुगतान किया है और यदि हां, तो क्या विवरण स्पष्ट किया जा सकता है?

यदि नहीं, तो क्या इसके पीछे के कारण बताए जा सकते है?

अनिल देसाई द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में इस बात का खुलासा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा में दिए एक बयान के दौरान किया।

बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में आयकर के रूप में 1,159 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। यह पिछले वित्तीय अवधि की तुलना में 37 फीसदी अधिक है।

वित्त वर्ष 2020-21 में बोर्ड ने आयकर में 844.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। 2019-20 वित्तीय वर्ष में 882.29 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ था। बोर्ड ने वित्त वर्ष 2018-19 में कर के रूप में 815.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया। 2017-18 में 596.63 करोड़ का भुगतान हुआ था।

मंत्री ने बोर्ड की आयकर रिपोर्ट के अलावा उसकी कमाई और खर्चों का भी विस्तार से उल्लेख किया। मंत्री ने जवाब देते हुए बोला कि, सरकार वैश्विक स्तर पर खेल निकायों से संबंधित डाटा नहीं रखती है।

बीसीसीआई ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में 7,606 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया था, उनका खर्चा 3,064 करोड़ रुपये के करीब था। 2020-21 में बोर्ड की आय 4,735 करोड़ रुपये और खर्च 3,080 करोड़ रुपये बताया गया।

यहां ध्यान देने वाले बात यह है कि बीसीसीआई इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की तरफ से भारत सरकार को अगले क्रिकेट वनडे विश्व कप 2023 के लिए करों के रूप में 963 करोड़ रुपये का भुगतान करेगा।

बीसीसीआई और आईसीसी ने पहले ही एक समझौता किया था जिसके तहत वनडे विश्व कप के लिए कर छूट शामिल थी। समझौते के अनुसार, बोर्ड कर लाभ प्राप्त करने में आईसीसी की सहायता करने के लिए ‘बाध्य’ था।