वर्ल्ड चैंपियनशिप : निशिमोतो के खिलाफ अभियान का आगाज करेंगे श्रीकांत
भारतीय शटलर पीवी सिंधु को बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के पहले राउंड में बाई मिला है जबकि किदांबी श्रीकांत जापान के केंता निशिमोतो के खिलाफ अभियान का आगाज करेंगे। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने गुरुवार को ड्रॉ आयोजित होने के बाद इसकी पुष्टि की।
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु (16वीं वरीयता प्राप्त) दूसरे राउंड से अपने अभियान का आगाज करेगी, जहां उनका मैच जापान की नोज़ोमी ओकुहारा और वियतनाम की थुए लिन्ह नुयेन में से किसी एक से भिड़ेंगी। कुल 16 भारतीय शटलर ड्रॉ का हिस्सा थे, जिनमें से चार एकल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।

सिर्फ एचएस प्रणय और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी को शीर्ष 10 में वरीयता मिली है। दूसरी वरीयता प्राप्त और पिछले संस्करण के कांस्य पदक विजेता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को भी बाई दिया गया है।
विश्व की नंबर दो पुरुष युगल जोड़ी दूसरे दौर में आयरलैंड के जोशुआ मैगी/पॉल रेनॉल्ड्स या ऑस्ट्रेलिया के केनेथ झे हूई चू/मिंग चुएन लिम से भिड़ेगी।
भारत से एचएस प्रणय, लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत की स्टार तिकड़ी पुरुष एकल में देश का प्रतिनिधित्व करेगी। पहले दौर में नौवीं वरीयता प्राप्त प्रणय का मुकाबला फिनलैंड के काले कोलजोनेन से होगा, लक्ष्य का मैच मॉरीशस के जॉर्जेस जूलियन पॉल से होगा।
महिला युगल टूर्नामेंट में 15वीं वरीयता प्राप्त त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी पहले राउंड में बाई मिलने के बाद दूसरे राउंड में चीनी ताइपे की चांग चिंग हुई/यांग चिन तुन या एस्टोनिया की केटी-क्रीट मरान/हेलिना रूटेल से भिड़ेगी।
क्वालीफिकेशन के लिए अश्विनी भट्ट के. और शिखा गौतम नीदरलैंड की देबोरा जिल और चेरिल सेनेन के खिलाफ लड़ेगी।
रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी को पहले चरण में स्कॉटलैंड के ऐडम हॉल और जूली मेकफ़र्सन से आमना-सामना होगा। इसी टूर्नामेंट में वेंकट प्रसाद और जूही देवांगन जर्मनी के जोन्स रैल्फी जैनसेन और लिंडा एफ्लर से भिड़ेंगे।
बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप का 28वां संस्करण 21 से 27 अगस्त के बीच डेनमार्क के कॉपेनहैगन में होगा। इस टूर्नामेंट की पांच अलग-अलग श्रेणियों में 55 देशों के 375 शटलर भाग लेंगे।