चेस वर्ल्ड कप : जीत के साथ अंतिम-16 में युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रगनाननंदा
फिडे विश्वकप चेस टूर्नामेंट में भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रगनाननंदा ने विश्व के नंबर दो खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा को हराया। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने दोनों रैपिड मैच जीतकर टूर्नामेंट के अंतिम-16 में जगह बनाई।
पांच बार के विश्व विजेता और भारत के दिग्गज शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने प्रगनाननंदा की तारीफ की। उन्होंने बोला, ‘प्रगनाननंदा ने कर दिखाया। नाकामुरा को हराना आसान नहीं है।
प्रगनाननंदा ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रगनाननंदा ने अंतिम-16 में डी गुकेश के साथ जगह बनाई। डी गुकेश ने एंड्री एसिपेंको को बाहर किया।
नाकामुरा को इस टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता मिली थी। दो क्लासिकल गेमों के ड्रॉ के बाद 18 साल के ग्रैंडमास्टर ने टाई-ब्रेक मैच में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर को हराया। प्रगनाननंदा ने गुरुवार को अपना जन्मदिन मनाया था।

प्रगनाननंदा अंतिम-16 में हंगरी के ग्रैंडमास्टर फेरेंस बर्केस के खिलाफ खेलेंगे। अन्य भारतीय निहाल सरीन टूर्नामेंट से बाहर हो गए। वह चौथे दौर में इयान से टाई-ब्रेक मैच में हारे।
भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती और अर्जुन पहले ही अंतिम-16 में जगह बना चुके है। महिलाओं में भारत की ओर से सिर्फ हरिका ही चुनौती पेश कर रही है।