Trending

खास ट्रेनिंग के लिए ग्रीको रोमन के छह पहलवान रोमानिया गए

नई दिल्ली। भारतीय खेल मंत्रालय ने एशियाई खेल से पहले छह ग्रीको रोमन स्टाइल पहलवानों को खास ट्रेनिंग के लिए रोमानिया भेजा है।

पहलवानों के साथ सहयोगी स्टाफ के तीन सदस्य भी रोमानिया गए है। यहां पहलवान ट्रेनिंग के साथ ही टूर्नामेंट में भी हिस्सा लेंगे। इससे एशियाई खेल से पहले उनकी मैच प्रैक्टिस भी होगी और तैयारी बेहतर होगी।

ग्रीको-रोमन स्टाइल के पहलवान 18 से 20 अगस्त तक आयन कॉर्नियानु और लैडिस्लाऊ साइमन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। ये सभी पहलवान 15 दिन तक खास तैयारी करने के बाद एशियाई खेल में भारत के लिए अपना दम दिखाएंगे।

खेल मंत्रालय अपनी खास योजना ‘असिस्टेंट एनएसएफ स्कीम’ के जरिए प्लेयर्स को अपने खर्चे पर विदेशों में खास ट्रेनिंग के लिए भेजता है और ये पहलवान भी इसी योजना के तहत रोमानिया भेजे गए है।

भारतीय पहलवान 15 दिन तक रोमानिया में रहेंगे और इस दौरान होने वाला पूरा खर्च खेल मंत्रालय वहन करेगा। इसमें टीम के प्रशिक्षण में लगने वाला खर्च, बोर्डिंग/आवास, हवाई किराया, वीजा और जेब खर्च भी है।

भारत के जिन पहलवानों को रोमानिया भेजा गया है, उनमें एक ‘टॉप्स स्कीम’ के जरिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा और दो पहलवानों ने खेलों इंडिया गेम्स के जरिए राष्ट्रीय दल में जगह बनाई है। एशियाई खेल का आयोजन 23 सितंबर से आठ अक्तूबर के बीच चीन के हांग्झू शहर में होगा।

रोमानिया दौरे के लिए ग्रीको-रोमन पहलवानः ज्ञानेन्द्र 60 किलोग्राम, नीरज 67 किलोग्राम, विकास 77 किलोग्राम, सुनील कुमार 87 किलोग्राम, नरिंदर चीमा 97 किलोग्राम, नवीन 130 किलोग्राम।