Trending

फीफा महिला वर्ल्ड कप : रोमांचक जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में


ब्रिस्बेन। रोमांच और उत्साह से भरे फीफा महिला वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में 7-6 (फुल टाइम 0-0) से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री ली है।

इस अविस्मरणीय शूटआउट में दोनों टीमों के 10-10 प्लेयर्स ने प्रयास किया। कई गोलों, बचावों और वीएआर रिव्यू लिये जाने के बाद फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया 6-6 की बराबरी पर थे।

फ्रांस की 10वीं पेनल्टी लेते हुए विकी बेको गोल नहीं कर पाई, ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कोर्टनी वाइन ने निर्णायक गोल जमाकर मेज़बान टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।

सनकोर्प स्टेडियम पर हुए इस सांस रोक देने वाले मैच में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा रहा, कई मौके बनाने के बाद भी कोई टीम गोल नहीं कर सकी। मैच के अतिरिक्त 30 मिनटों में भी गोल न होने के बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।

ऑस्ट्रेलिया के कोच टोनी गुस्तावसन ने इस जीत के बाद बोला, “मुझे गर्व है। इस टीम ने जो बहादुरी दिखाई वह अविश्वसनीय है। दर्शकों को मैं केवल शुक्रिया कह सकता हूं। इस टीम का समर्थन करने और उन पर विश्वास करने के लिये शुक्रिया। यह टीम इस देश के हर एक व्यक्ति की है।

दूसरी तरफ फ्रांस के कोच हर्वे रेनार्ड ने कहा, “आपको आज लड़कियों पर गर्व करना होगा। उन्होंने एक असाधारण मैच खेला। यह मैच एक छोर से दूसरे छोर तक गया। यह बोलना मुश्किल है कि कौन जीत का ज्यादा हकदार था।

ऑस्ट्रेलिया को बधाई। हमारे सभी स्टाफ को बधाई, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। हमें अपना सिर ऊपर रखना होगा और ओलंपिक खेल के बारे में सोचना होगा। यह फुटबॉल है, यह नियति है जिसने विजेता चुना है। ऑस्ट्रेलिया को शुभकामनाएं।