डूरंड कप : ईस्ट बंगाल की 1658 दिन बाद जीत
कोलकाता : डूरंड कप में अनुभवी नंदकुमार शेकर ने अपने फुटबॉल करियर का अहम गोल किया जिससे ईस्ट बंगाल ने चिर-प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान के खिलाफ 1658 दिनों के बाद 1-0 से जीत हासिल की।
मोहन बागान के नाम तीन मैचों में छह अंक है, ईस्ट बंगाल के दो मैचों में चार अंक है। ईस्ट बंगाल को बुधवार को पंजाब एफसी के खिलाफ खेलना है। टीम के पास इस मैच को जीतकर क्वार्टर फाइनल में सीधे पहुंचने का अवसर होगा।
कोलकाता डर्बी के इस मैच का इकलौता गोल 60वें मिनट में हुआ। ईस्ट बंगाल की इस जीत ने ग्रुप ए से नॉकआउट चरण के क्वालीफिकेशन को रोमांचक बनाया है।

बेंगलुरु एफसी के इंडियन सुपर लीग विजेता कोच कार्ल्स कुआड्राट की देखरेख में ईस्ट बंगाल के खेल में मैच के आगाज से ही पैनापन दिखा।
50,000 दर्शकों की मौजूदगी में ओडिशा एफसी के पूर्व मिडफील्डर सेकर ने दाहिने फ्लैंक से शाऊल क्रेस्पो की मदद का फायदा उठाते हुए मोहन बागान के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनिरुद्ध थापा को चतुराई से छकाने के बाद गोलकीपर विशाल कैथ को चकमा देकर गोल किया।
इस 27 वर्षीय खिलाड़ी की गोल से ईस्ट बंगाल ने आईएसएल चैंपियन मोहन बागान का चार वर्ष और छह महीने से ज्यादा समय तक चला दबदबा खत्म किया।
ईस्ट बंगाल ने इससे पहले 27 जनवरी, 2019 को मोहन बागान को मात दी थी। टीम ने आई-लीग के उस मैच को 2-0 से जीता था। मोहन बागान ने सभी टूर्नामेंटों में लगातार आठ मुकाबलों में जीत दर्ज की, एक मैच ड्रॉ रहा।
मोहन बागान के लिए यह हार एक बड़ा झटका है क्योंकि टीम को चार दिन बाद साल्ट लेक के इसी मैदान पर नेपाल टीम के खिलाफ अपने एएफसी कप अभियान की शुरुआत करनी है।