Trending

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी : भारत चौथी बार बना विजेता

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने मलेशिया को 4-3 से मात देकर चौथी बार खिताब अपने नाम किया है. तीसरे क्वार्टर में भारत ने जबरदस्त वापसी की. सबसे अधिक चार बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाला देश भारत बन गया है.

रोमांचक फाइनल में भारत एक समय 3-1 से पीछे था, तीसरे क्वार्टर में एक मिनट के भीतर दो शानदार गोल करके टीम ने वापसी की.

भारतीय टीम से पहले ही क्वार्टर में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर टीम के लिए गोल किया. उस समय कप्तान हरमनप्रीत सिंह मैदान पर नहीं थे और इसी वजह से जुगराज ने पेनल्टी ली. दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली.

मलेशिया ने भारत की बढ़त ज्यादा देर तक नहीं रहने दी. अजुआन हसन ने मैच बराबर किया. मलेशिया ने दूसरे क्वार्टर में अच्छी शुरुआत की और रहीम राजी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मलेशिया को बढ़त दिलाई.

भारत तीसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट तक 1-3 से पीछे थी, इसके बाद उसने आखिरी 16 मिनट में मैच का पासा पलटने में देर नहीं लगाई। भारत ने पहले 30 सेकंड के अंदर दो गोल किए और आखिरी क्वार्टर में निर्णायक बढ़त हासिल की।