Trending

रोनाल्डो के दो गोल से अल नस्र टीम बनी विजेता

अल नस्र ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बेहतरीन प्रदर्शन की वजह से पहली बार अरब क्लब चैंपियंस कप अपने नाम किया है। बड़े अवसरों पर कमाल करने के लिए अपनी खास पहचान बनाने वाले रोनाल्डो एक बार फिर अपने फैन्स के भरोसे पर खरे उतरे और दो गोल कर टीम को चैंपियन बनाया।

बाद में वह चोटिल होकर मैदान से बाहर भी चले गए, अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाकर ही मैदान से बाहर गए। वह टूर्नामेंट में सबसे अधिक छह गोल करने वाले खिलाड़ी रहे और गोल्डन बूट भी अपने नाम किया। वह अल नस्र के पहले खिलाड़ी है, जिन्हें यह अवॉर्ड मिला है।

इस मैच में उनकी टीम 0-1 से पिछड़ रही थी और 70वें मिनट में एक खिलाड़ी को रेड कार्ड मिल गया। 10 खिलाड़ी के साथ खेलते हुए कप्तान रोनाल्डो ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और दो गोल कर टीम को 2-1 से आगे किया।

इस मैच में अल नस्र के अब्दुलेलाह अल-अमरी और नवाफ बौशाल को रेड कार्ड मिला। अल अमरी को रेड कार्ड मिलने के बाद अल नस्र टीम में 10 ही खिलाड़ी रह गए थे।

नवाफ बौशाल को बेंच से ही रेड कार्ड दिया गया। रोनाल्डो ने 24 मिनट के अंदर अपनी टीम की वापसी कराई और जीत की कहानी लिख दी।

अल-नासर के कप्तान ने 74वें मिनट में मैच में अपना पहला गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर किया। सुल्तान अल-घनम ने बॉक्स की ओर गेंद मारी और रोनाल्डो ने यह अवसर नहीं छोड़ा। उन्होंने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-1 से बराबरी पर पहुंचाया।

अल-नासर को घिसलान कोनान पर टैकल के लिए पेनल्टी देने से इनकार कर दिए जाने के बाद मैच अतिरिक्त समय में चला गया। रोनाल्डो का एक गोल ऑफ-साइड की वजह से अस्वीकार किया गया था, अल-हिलाल की पेनल्टी की अपील वीएआर के बाद रद्द कर दी गई।

अल-नासर ने अतिरिक्त समय में आठ मिनट में बढ़त ली, क्योंकि सेको फोफाना ने लंबी दूरी से गोल करने का प्रयास किया। गेंद गोल पोस्ट से टकराकर वापस आ गई, कप्तान रोनाल्डो ने शानदार हेडर कर दूसरा गोल किया और अपनी टीम की जीत लगभग तय कर दी।

रोनाल्डो विपक्षी प्लेयर्स से घिरे हुए थे, वह गोल करने में सफल रहे। मैच के दौरान गेंद पर 57 फीसदी कब्जे के बावजूद, अल-हिलाल टीम इसका लाभ नहीं उठा सकी और खिताब जीतने का मौका चूक गई। रोनाल्डो चोट की वजह से 115वें मिनट में बाहर हो गए।

हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है। सोमवार को नए सीजन के पहले मैच में अल-एत्तिफाक के खिलाफ रोनाल्डो के खेलने पर संदेह बना हुआ है।