Trending

चेस वर्ल्ड कप : ग्रैंड मास्टर विदित गुजराती सहित चार भारतीय पहली बार क्वार्टरफाइनल में


रूस के जीएम इयन नेपोमनियाचची को मात देकर भारतीय ग्रैंड मास्टर विदित गुजराती ने विश्वकप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। गुजराती ने दूसरी बार विश्वकप के अंतिम-8 में प्रवेश किया है। वह अब अजरबैजान के निजात एबासोव के साथ खेलेंगे।

उन्होंने चार भारतीयों के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर बोला कि हम सभी उच्चस्तरीय खेल का प्रदर्शन कर रहे है। गुजराती ने विश्व चैंपियन चीन के डिंग लिरेन को चुनौती देने वाले नेपोमनियाचची को टाईब्रेकर की दोनों बाजियों में 2-0 से मात दी।

दोनों के बीच दो क्लासिकल मैच बराबरी पर छूटे थे। इससे पहले आर प्रगनाननंदा, अर्जुन एरीगेसी और डी गुकेश क्वार्टर फाइनल में जगह बना चुके है। यह पहली बार है जब चार भारतीयों ने विश्वकप के अंतिम-8 में जगह बनाई है।

प्रगनाननंदा ने विश्व नंबर दो अमेरिका के हिकारू नाकामुरा को हराया, जो आसान नहीं था। अर्जुन ने सिंदारोव के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए चीन के वांग हाओ को हराया, जो कि आसान नहीं है।

गुकेश रविवार को विश्व नंबर एक नार्वे के मैग्नस कार्लसन के खिलाफ खेलेंगे, प्रगनाननंदा और अर्जुन एरीगेसी के बीच मैच होगा।