एक घंटे तक ताजमहल में चला वर्ल्ड कप ट्रॉफी का शूट
भारत में खेले जाने वाले विश्वकप के प्रमोशन को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। बुधवार सुबह करीब साढे़ सात बजे ताजमहल में कुछ लोग हाथ में चमचमाती ट्रॉफी लेकर पहुंचे।
ताजमहल में वर्ल्ड कप ट्रॉफी को देखकर लोग रूक गए। शूट खत्म होने के बाद ट्रॉफी के साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनवाने के लिए पर्यटकों में होड़ लग गई। सुरक्षाकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से लोगों को संभाला। लोगों ने दूर से ही फोटो और वीडियो शूट कराए।
ट्रॉफी को ताजमहल के वीडियो शूट प्लेटफॉर्म पर रखा गया। जैसे ही लोगों की नजर ट्रॉफी पर लिखे आईसीसी वर्ल्डकप 2023 पर पड़ी तो वही रुक गए। ट्रॉफी के चारों तरह बाउंसर खडे़ थे। बताया गया है कि करीब एक घंटे तक ट्रॉफी को लेकर शूट चला।

ताजमहल के संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि आईसीसी की तरफ से उनसे ट्रॉफी के शूट को लेकर परमीशन मांगी गई थी। करीब एक घंटे तक शूटिंग चली। शूट में आईसीसी या बीसीसीआई की ओर से कौन था, ये जानकारी नहीं है।
वर्ल्ड कप की शुरुआत पांच अक्टूबर से होगी। वहीं, भारतीय टीम अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से करेगी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच 8 अक्टूबर को चेन्नई में होगा, भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 14 अक्टूबर को होगा। भारत और पाकिस्तान की टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होगी।