Trending

बंद कमरे में 2 घंटे तक किन मुद्दों पर जय शाह और राहुल द्रविड़ के बीच हुई चर्चा


नई दिल्ली: हाल ही में मियामी में जय शाह की राहुल द्रविड़ के साथ सीक्रेट मीटिंग हुई। वैसे तो यह बीसीसीआई सचिव और भारतीय हेड कोच के बीच कोई नॉर्मल बातचीत की तरह लग सकती है। मगर मामला इतना सरल नहीं है।

यह मीटिंग उस समय हुई जब टीम इंडिया अगले दो महीने के भीतर एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने है। बंद कमरे में क्या बातचीत हुई इसकी सिर्फ कल्पना हो सकती है, इतना स्पष्ट है कि इस मीटिंग के दौरान दोनों बिग इवेंट्स के लिए योजना बनाई गई होगी।

यह सवाल बना हुआ है कि एशिया कप और वर्ल्ड कप के मद्देनजर कोचिंग स्टाफ में कोई बढ़ोतरी होगी। एशिया कप की तैयारियों के लिए 24 अगस्त से बेंगलुरु के अलूर में बड़ा कैम्प लगने वाला है।

यह बैठक 12 और 13 अगस्त को फ्लोरिडा के लॉडरहिल में वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी-20 इंटरनेशनल की शुरुआत से पहले हुई थी। एक रिपोर्ट की माने तो मीटिंग दो घंटे तक चली।

भारतीय टीम मियामी के मैरियट होटल में ठहरी थी, निजी यात्रा के लिए अमेरिका पहुंचे जय शाह दूसरे होटल में रुके थे, ऐसे में राहुल द्रविड़ ही उनसे मिलने गए।

हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह मीटिंग उस समय हुई, जब टीम इंडिया काफी खराब दौर से गुजर रही है। एक्सपर्ट्स और पूर्व प्लेयर्स ने टीम के प्लेयर्स, मैच मैनेजमेंट और खास तौर से बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त की है।

उदाहरण के लिए, पार्थिव पटेल ने एक क्रिकेट साइट पर सुझाव दिया कि टी-20 इंटरनेशनल के लिए एक अलग कोच का फायदा भारत को हो सकता है।

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और गेंदबाजी कोच रहे वेंकटेश प्रसाद ने प्लेयर्स में जज्बे की कमी का हवाला देते हुए द्रविड़ की लीडरशिप को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया।

30 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए टीम का ऐलान कब होगा, इसकी जानकारी चयन समिति को नहीं है। सूत्रों की माने तो आयरलैंड में पहले टी-20 के बाद टीम का सिलेक्शन हो सकता है, क्योंकि जसप्रीत बुमराह कितने फिट है एक मैच के बाद ही पता लग जाएगा।

केएल राहुल और श्रेयस अय्यर अभी भी बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में ही रिहैब से गुजर रहे है। बीते दिनों दोनों वहां एक प्रैक्टिस मैच का भी हिस्सा थे। दोनों की फिटनेस पर अब भी अपडेट का इंतजार है। उम्मीद है कि दोनों प्लेयर्स एशिया कप से पहले पूरी तरह फिट पाए जाए।