यूईएफए सुपर कप की विजेता बनी मैनचेस्टर सिटी
पहली बार यूईएफए सुपर कप का खिताब इंग्लैंड के क्लब मैनचेस्टर सिटी ने अपने नाम किया है। उसने फाइनल में स्पेन के क्लब सेविला को पेनल्टी शूटआउट में मात दी।
सिटी की टीम 10 दिन पहले ही कम्यूनिटी शील्ड में आर्सेनल के खिलाफ हार मिली थी। सुपर कप में उसने कोई गलती नहीं की और वापसी करते हुए ट्रॉफी अपनी झोली में डाल ली।
गॉर्डियोला तीन अलग-अलग टीमों के साथ सुपर कप जीतने वाले पहले कोच बन गए। उन्होंने बार्सिलोना के कोच रहते हुए 2009 और 2011 में ऐसा किया था। 2013 में बायर्न म्यूनिख को अपनी कोचिंग में सुपर कप में जीत दिलाई थी।

पिछले सीजन में इंग्लिश प्रीमियर लीग के साथ-साथ यूईएफए चैंपियंस लीग जीतने वाली मैनचेस्टर सिटी ने कोच पेप गॉर्डियोला के नेतृत्व में 15वां खिताब जीता है। निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहने के बाद मैच पेनल्टी शूटआउट में गया। वहां सिटी ने 5-4 से मैच को जीता।
ग्रीस में बुधवार को देर रात हुए मैच में सेविला ने बेहतरीन शुरुआत की। उसके लिए यूसुफ एन-नेसिरी ने पहला गोल 25वें मिनट में किया। उनके गोल ने मैनचेस्टर सिटी को हैरान किया।
हाफटाइम तक स्कोर 1-0 ही रहा। दूसरे हाफ में मैनचेस्टर सिटी ने वापसी की और लगातार हमले किए। उसे 63वें मिनट में सफलता मिली। युवा खिलाड़ी कोले पाल्मर ने बेहतरीन गोल किया।
मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा तो दोनों टीमों के प्लेयर्स ने नौ शॉट तक कोई गलती नहीं की। सिटी की टीम ने लगातार पांच बार बार गेंद को गोलपोस्ट में डाला।
सेविला की टीम चार बार ऐसा कर चुकी थी। उसके लिए पांचवां शॉट लेने नेमान्जा गुडेल मारने आए, लेकिन वह चूक गए और सिटी की टीम चैंपियन बनी। सुपर कप सीजन में चैंपियंस लीग और यूरोपा लीग जीतने वाली टीमों के बीच खेला जाता है।