तीन डोप टेस्ट में विफल, भावना जाट विश्व चैंपियनशिप से बाहर
नई दिल्ली : तीन डोप परीक्षण में विफल होने के बाद टोक्यो ओलंपियन भावना जाट बुडापेस्ट में 19 से 27 अगस्त तक होने वाले विश्व चैंपियनशिप से बाहर हो गई है और अब वह स्वदेश लौटेंगी।
बता दें कि 27 वर्षीय खिलाड़ी ने विश्व रैंकिंग के माध्यम से चैंपियनशिप में जगह बनाई और इस वर्ष कई राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतकर अच्छी फॉर्म में है।
भावना, जो विश्व चैंपियनशिप में 20 किमी रेस वॉक के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र भारतीय एथलीट थीं, को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के अनुसार, तीन डोप परीक्षण में विफलताओं के बाद अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। जुलाई 2023 में भावना ने प्रियंका गोस्वामी को मात देकर राष्ट्रीय अंतर-राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 जीती।

उन्होंने इस टूर्नामेंट में जीत दर्ज करने के लिए 1:37:03 का समय लिया। 2023 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन फरवरी में रांची की नेशनल रेस वॉकिंग चैंपियनशिप में आया, जहां उन्होंने 1:29:44 का समय निकाला।
मार्च में ऑल जापान रेस वॉकिंग इवेंट में उन्होंने 1:36:20 का समय निकाला। 27 वर्षीय खिलाड़ी ने सितंबर में चीन में होने वाले एशियाई खेल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी के नियमों के अनुसार, एक एथलीट को 12 महीने के भीतर तीन बार डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। यदि ऐसा है तो उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया जाएगा।
भावना जाट ने जुलाई 2022 विश्व चैंपियनशिप में भी भाग नहीं लिया था। एएफआई ने उन्हें राष्ट्रमंडल खेल 2022 पर ध्यान केंद्रित करने के लिए हटने के लिए कहा था। भावना ने 10,000 मीटर रेस वॉक में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ दर्ज किया और 2022 में खेलों में 8वें स्थान पर रहीं।