यूपी के अक्षत और सौरभ ने 2000 मीटर लाइट वेट पेयर्स में जीता कांसा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अक्षत और सौरभ कुमार की जोड़ी ने छठी इंडोर रोइंग राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 2000 मीटर लाइट वेट पेयर्स में शानदार प्रदर्शन से कांस्य पदक अपने नाम किया।
छठी इंडोर रोइंग राष्ट्रीय प्रतियोगिता
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और महाराष्ट्र रोइंग एसोसिएशन की देखरेख में पूना में आयोजित प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न अंचलों की 25 टीमों ने भाग लिया था।

इसमें हुई स्पर्धाओं में 2000 मीटर लाइट वेट पेयर्स में उत्तर प्रदेश के अक्षत और सौरभ ने 6 मिनट 40.2 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इस वर्ग का स्वर्ण सेना के योगेश कुमार और परमिंदर सिंह ने 6 मिनट 35.9 सेकेंड के समय के साथ जीता।

दूसरी ओर अरविंद सिंह और इकबाल सिंह की जोड़ी को 6 मिनट 36.1 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक मिला। अक्षत और सौरभ के कांस्य पदक जीतने उत्तर प्रदेश रोइंग टीम के चयन कमेटी के चेयरमैन आईपीएस आदित्य मिश्रा, संरक्षक आईपीएस डॉ. आरपी सिंह, आईपीएस राजीव त्रिवेदी, आईपीएस गोपाल गुप्ता सेवानिवृत्त, डीजी रेनुका मिश्रा, आईपीएस बिनोद कुमार सिंह और आईपीएस आरके स्वर्णकार सहित यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बधाई दी।