Trending

आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज-4 : भारत के नाम 2 मेडल, फाइनल में कंपाउंड पुरुष व महिला टीम की इंट्री

पेरिस में जारी आर्चरी वर्ल्ड कप स्टेज-4 में भारतीय रिकर्व टीम ने दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। भारतीय पुरुष टीम और विमेंस टीम तीसरे स्थान पर रही।

इससे पहले भारतीय टीम को चीनी ताइपे के खिलाफ सेमीफाइनल में हार मिली। इस तरह भारतीय टीम गोल्ड की होड़ से बाहर हो गई।

धीरज बोम्मादेवारा, अतानु दास और तुषार शेल्के की भारतीय पुरुष रिकर्व टीम ब्रॉन्ज मेडल के प्लेऑफ मैच में आंद्रेस तेमिनो, युन सांचेज और पाब्लो आचा की स्पेन की टीम को 6-2 (54-56, 57-55, 56-54, 57-55) से हराया।

भारतीय महिला टीम को भी सेमीफाइनल में चीनी ताइपे के खिलाफ ही 0-6 (52-57, 47-56, 52-53) से एकतरफा हार मिली। ताइपे टीम ने 53 अंक जुटाए थे, भारतीय टीम 52 अंक ही बना सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।

ब्रॉन्ज मेडल के प्ले ऑफ में भारतीय टीम ने दो सेट से हारने के बाद वापसी करते हुए मैक्सिको को 5-4 (52-55, 52-53, 55-52, 54-52) (27-25) से हराकर पदक जीता।

टीम में अंकिता भकत, भजन कौर और सिमरनजीत कौर शामिल थीं। इससे पहले भारतीय महिला रिकर्व टीम ने जापान को 6-2 और इटली को 5-1 से हराया था।

कंपाउंड में विमेंस और मेंस ने टीम फाइनल में अपना स्थान पक्का किया है। ओजस प्रवीण देवतले, प्रथमेश जावकर और अभिषेक वर्मा की पुरुष टीम शनिवार को अमेरिका से भिड़ेगी, अदिति गोपीचंद स्वामी, ज्योति सुरेखा वेन्नम और परनीत कौर की तिकड़ी मैक्सिको का सामना करेगी।

इंडिविजुअल कंपाउंड में अदिति और ओजस मेडल की दौड़ में है। गुरुवार को हुए क्वालिफाइंग में अदित और ओजस ने अपने-अपने क्वालीफाइंग स्पर्धाओं में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। कंपाउंड तीरंदाजी में व्यक्तिगत पदक राउंड शनिवार से शुरू होंगे, रिकर्व तीरंदाजों के लिए मेडल राउंड रविवार को होंगे।