Trending

सिनसिनाटी मास्टर्स : अंतिम-8 में नोवाक जोकोविच ने बनाई जगह

सिनसिनाटी मास्टर्स में 23 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए फ्रांस के जाएल मोनफिल्स को सीधे सेटों में मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

जोकोविच ने प्री-क्वार्टर फाइनल में मोनफिल्स को 6-3, 6-2 से मात दी। अब उनका क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज से मैच होगा।

विश्व के नंबर दो खिलाड़ी जोकोविच को मोनफिल्स के खिलाफ एक बार भी हार नहीं मिली है और वह 19वीं बार उनके खिलाफ मैच जीतने में कामयाब रहे।

जोकोविच ने हार्ड कोर्ट पर इस सत्र में 18वीं जीत हासिल की है और वह अपने तीसरे सिनसिनाटी मास्टर्स खिताब की तरफ बढ़ रहे है। टेलर दूसरी बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे है और 12वीं बार इस सत्र में किसी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।

विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज ने टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। अल्कारेज ने बारिश से बाधित मैच में अमेरिका के 14वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल को तीन घंटे नौ मिनट तक चले पुरुष एकल के मैच में 7-6 (6), 6-7 (0), 6-3 से हराया।

स्पेन के अल्कारेज ने दूसरे सेट में तीन मैच प्वाइंट गंवाने के बाद वापसी की। अन्य मुकाबलों में तीसरी वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव को 16वीं वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने 6-4, 5-7, 6-4 से, पोलैंड के गैरवरीयता प्राप्त ह्यूबर्ट हर्काज ने चौथी वरीयता प्राप्त स्टेफानोस सितसिपास को 6-3, 6-4 से हराया।

महिला वर्ग में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी पोलैंड की इगा स्वियातेक ने चीन की झेंग क्विवेन पर 3-6, 6-1, 6-1 से जीत हासिल की। उनका अगला मैच चेक गणराज्य की 10वीं वरीयता प्राप्त मार्केटा वोंद्रोसोवा से होगा जिन्होंने अमेरिका की स्लोन स्टीफंस को 7-5, 6-3 से हराया।

मैरी बुजुकोवा ने पिछले महीने मांट्रियल में खिताब जीतने वाली जेसिका पेगुला को 6-4, 6-0 से, जबकि करोलिना मुचोवा ने आठवीं वरीयता प्राप्त मारिया सकारी को 6-3, 2-6, 6-2 से हराया।