यूपीटी20 : चमचमाती ट्रॉफी, शानदार टीम जर्सी और ऑफिशियल एंथम का अनावरण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत का गवाह बने एक शानदार समारोह के दौरान यूपीटी20 लीग को आधिकारिक तौर पर रविवार को लॉन्च कर दिया गया। लखनऊ के ग्रैंड ताज महल होटल में शानदार समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें यूपीटी20 लीग की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का अनावरण किया गया।
इसके साथ ही छह शहर-आधारित फ्रेंचाइजियों द्वारा अपनी-अपनी टीमों की जर्सी लॉन्च की गईं। साथ ही लीग के लिए एक शानदार एंथम भी लॉन्च किया गया, जो यूपीटी20 की ऊर्जा की भावना को सबके सामने रखता है।
राज्यसभा सदस्य और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला तथा उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) के निदेशक आईपीएस डीएस चौहान सहित कई अन्य विशिष्ट अतिथियों ने इस अवसर की शोभा बढ़ाई।
इस आयोजन में लीग की फ्रेंचाइजियों में गोरखपुर लायंस, कानपुर सुपरस्टार, काशी रुद्र, लखनऊ फाल्कन्स, मेरठ मावेरिक्स और नोएडा सुपर किंग्स टीमें शामिल हैं।
लीग में खेलेंगी लखनऊ फाल्कन्स, गोरखपुर लायंस, कानपुर सुपरस्टार, काशी रुद्र, मेरठ मावेरिक्स और नोएडा सुपर किंग्स
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजीव शुक्ला ने कहा, “मैं रोमांचित और प्रसन्न हूं कि यूपीटी20 लीग लॉन्च हो गई है। हम लंबे समय से अपनी खुद की लीग शुरू करने की योजना बना रहे थे क्योंकि इसकी भारी मांग है।
उत्तर प्रदेश में विशाल आबादी के साथ, अधिक से अधिक खिलाड़ियों को समायोजित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना हमारे लिए एक चुनौती रही है।
प्रत्येक फ्रेंचाइजी में लगभग 25 खिलाड़ी होने की शर्त के साथ, हमारा मानना है कि यह लीग यूपी से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को सामने लाने और टीम इंडिया को नई प्रतिभाएं देने का एक बेहतरीन मंच बनकर सामने आएगा।”
वहीं निदेशक डीएस चौहान ने कहा, “यह लीग ऐसे समय में उत्तर प्रदेश में आ रही है, जब हमारा राज्य कई मोर्चों पर फल-फूल रहा है और खेल उस विकास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यह लीग कई महत्वाकांक्षी क्रिकेटरों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका देगी, जिनमें साधारण पृष्ठभूमि के लोग भी शामिल हैं।
मुझे विश्वास है कि हम उत्तर प्रदेश के लोगों को एक हाई-क्वालिटी टूर्नामेंट देने में सफल होंगे।” दूसरी ओर परफेक्ट-पिच इवेंट्स एंड स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक और अनुभवी स्पोर्ट्स एंकर करण अंबरदार ने कहा, “यूपीटी20 सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं है। यह उत्तर को सुर्खियों में लाने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा।

यूपीटी20 का आगाज 30 अगस्त को होगा और यह 16 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में समाप्त हो जाएगा। राज्य के लोग बेहतरीन क्रिकेटरों को अपने घर में गौरव हासिल के लिए मुकाबला करते हुए देखेंगे।
ऐसे में जबकि आईपीएल नीलामी में कुछ महीने बाकी हैं, यूपीटी20 उभरती हुई प्रतिभाओं के लिए अपने कौशल दिखाने के लिए एक शानदार मंच के रूप में काम करेगा। साथ ही यह पहले से पहचान कायम कर चुके खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने के लिए एक विशेष प्लेटफार्म प्रदान करेगा।