नोवाक जोकोविच ने अपने नाम किया सिनसिनाटी मास्टर्स का खिताब
सिनसिनाटी मास्टर्स का खिताब दुनिया के दूसरे नंबर के टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल में उन्होंने वर्ल्ड नंबर वन स्पेन के कार्लोस अल्काराज को 5-7, 7-6, 7-6 से मात दी।
सिनसिनाटी मास्टर्स के फाइनल को बगैर ग्रैंड स्लैम ऑल टाइम बेस्ट मैच बताया जा रहा है। पहले सेट को अल्काराज ने टाई ब्रेकर में 7-5 से जीता।
जोकोविच ने जबरदस्त वापसी करते हुए अगले दोनों सेट 7-6, 7-6 से जीते। जीत के बाद जोकोविच कोर्ट में ही लेट गए। उन्होंने अल्काराज से हाथ मिलाया। हाथ मिलाने के बाद जोकोविच ने जोश-जोश में अपनी टी-शर्ट फाड़ दी।

ग्रैंड स्लैम के इतर बाकी टेनिस टूर्नामेंट्स में बेस्ट ऑफ थ्री का मैच होता। जोकोविच ने पहला सेट हारने के बाद जबरदस्त वापसी की और अगले दो सेट जीतकर मैच अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही सर्बियाई खिलाड़ी ने अल्काराज से पिछले महीने विंबलडन फाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया।
विंबलडन फाइनल में पांच सेट तक चले मैच में अल्काराज ने जोकोविच को 1-6, 7-6, 6-1, 3-6, 6-4 से मात दी थी। विंबलडन में हार के बाद जोकोविच रोए थे, सिनसिनाटी मास्टर्स में हार के बाद वर्ल्ड नंबर वन अल्काराज भी रो पड़े।
जोकोविच का यह 39वां मास्टर्स खिताब है। वह सबसे ज्यादा मास्टर्स टाइटल जीतने वाले टेनिस खिलाड़ी भी है। उनके बाद दूसरे नंबर पर स्पेन के राफेल नडाल है, जिन्होंने 36 मास्टर्स टाइटल जीते है।
तीसरे नंबर पर स्विटजरलैंड के पूर्व खिलाड़ी रोजर फेडरर है, जिन्होंने 28 टाइटल जीते है। चौथे नंबर पर 17 टाइटल के साथ अमेरिका के आंद्रे अगासी और पांचवें नंबर पर 14 टाइटल के साथ इंग्लैंड के एंडी मरे है।
करियर में सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में जोकोविच तीसरे स्थान पर आ गए है। उन्होंने प्रोफेशनल टेनिस में अभी तक कुल 1069 मैच जीते है।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर जिमी कॉनर्स है। उन्होंने करियर में 1274 मैच जीते। दूसरे स्थान पर 1251 जीत के साथ फेडरर है। नडाल और इवान लेंडल 1068-1068 जीत के साथ चौथे स्थान पर है। गुलेरमो विलास 951 जीत के साथ पांचवें स्थान पर है।
प्रोफेशनल टेनिस (सबसे अधिक मैच जीतने वाले खिलाड़ी)
जिमी कॉनर्स 1274
रोजर फेडरर 1251
नोवाक जोकोविच 1069
राफेल नडाल 1068
इवान लेंडल 1068
गुलेरमो विलास 951
इले नास्तासे 908
जॉन मैकेनरो 883
आंद्रे अगासी 870
स्टीफन एडबर्ग 801
दो बार के ग्रैंड स्लैम विजेता अल्काराज मैच के बाद भावुक हो गए। उपविजेता की ट्रॉफी लेने के बाद फैन्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “अभी मेरे लिए बात करना कठिन होगा, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करूंगा।
सबसे पहले मैं नोवाक को फिर से बधाई देना चाहता हूं। आपके साथ कोर्ट साझा करना, आपके साथ खेलना, आपसे सीखना अद्भुत है। यह मैच वास्तव में करीबी था, मैंने आप जैसे चैंपियन से बहुत कुछ सीखा इसलिए आपको और आपकी टीम को बधाई।
अल्काराज अपनी टीम और अपने भाई को शुक्रिया कहते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मेरी टीम मुझे तैयार करने में कड़ी मेहनत कर रही है। मैं आपके साथ काम करने के लिए आप जैसे लोगों की टीम पाकर आभारी हूं।
मैं हर दिन आपसे सीखता हूं इसलिए मैं आप सबको धन्यवाद कहना चाहता हूं। यहां मेरा भाई भी है। आपका यहां होना बहुत अच्छा है। हर दिन मेरा समर्थन करना, मुझे हर दिन एक बेहतर इंसान बनाना, आपने बहुत कुछ सिखाया है। इसलिए मेरे साथ रहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।
जोकोविच के पास इस कठिन फाइनल को जीतने के बाद शब्द नहीं थे। दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी ने कहा, “अविश्वसनीय मैच! ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि मैं अपने जीवन में खेले गए सबसे कठिन मैचों में से एक के बारे में और क्या कह सकता हूं, चाहे वह कोई भी टूर्नामेंट हो, कोई भी वर्ग हो, कोई भी खिलाड़ी हो।
इस मैच में शुरुआत से लेकर आखिर तक हम दोनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बहुत सारे उतार-चढ़ाव आए, हीटस्ट्रोक आए, कुल मिलाकर सबसे कठिन और सबसे रोमांचक मैचों में से एक जिसका मैं कभी हिस्सा रहा।
जोकोविच और अल्काराज अभी तक चार बार आमने-सामने आ चुके है। दो में जोकोविच और दो में अल्काराज को जीत मिली है। सिनसिनाटी मास्टर्स के फाइनल से पहले दोनों हाल ही में विंबलडन फाइनल में आमने-सामने थे।
उससे पहले इसी साल पेरिस में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में भिड़े थे। तब क्ले कोर्ट पर जोकोविच ने स्पैनिश खिलाड़ी को 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से मात दी थी।
उस मैच में अल्काराज चोटिल हुए थे और उसके बावजूद पूरा मैच खेला था। 2022 एटीपी मास्टर्स 1000 मैड्रिड में अल्काराज ने जोकोविच को 6-7, 7-5, 7-6 से हराया था ।