Trending

दो महीने से अधिक समय तक इकाना की पिच पर हुआ काम

इकाना स्टेडियम विश्वकप के पांच मैचों के लिए 12 सितंबर को बीसीसीआई और आईसीसी के हवाले हो जाएगा। इकाना की पिच को लेकर पिछले दिनों काफी सवाल खड़े हो रहे थे।

आईपीएल के दौरान 6 रन प्रति ओवर से भी कम रन बने थे। ऐसे में बीसीसीआई ने आईपीएल के बाद यहां की पिच को सही कराने का फैसला लिया था। उसके बाद पिच बनाई गई।

यूपीसीए पदाधिकारी डीएस चौहान ने बताया, “पिच में सॉल्ट और केमिकल की मात्रा काफी ज्यादा थी। इसकी वजह से परेशानी आ रही थी। यहां तक उसमें फंगस आ गया था।

अब सब सही कर दिया गया है। दो महीने से ज्यादा समय तक पिच पर काम हुआ है। पिच पूरी तरह से अंतर्राष्ट्रीय मानक के हिसाब से तैयार हुई है।

दरअसल, 12 अक्टूबर को यहां पहला मैच होगा। ऐसे में एक महीने पहले स्टेडियम हैंड ओवर करना होगा। आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने लखनऊ में आयोजित यूपी टी-20 लीग के दौरान ये जानकारी दी।

12 अक्टूबर को पांच बार की विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां मैच होगा। ऑस्ट्रेलिया टीम यहां अपना पहला मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीका यहां टीम इंडिया के खिलाफ एक मैच खेल चुकी है। इसमें उसको 10 रन से जीत मिली थी।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लखनऊ में बताया,”1 महीने पहले इकाना को बीसीसीआई और आईसीसी अपने नियंत्रण में ले लेगा।

12 सितंबर के बाद यहां कुछ प्रैक्टिस मैच भी होंगे। उन मैच पर बीसीसीआई और आईसीसी की नजर रहेगी। उसमें पिच की उछाल से लेकर बाकी मानक देखे जाएंगे।

अगर कुछ कमी रहती है तो उसको दूर किया जा सकता है। अधिकारियों का मानना है इसकी उम्मीद कम है। पिच बेहतर हो चुकी है।

आईपीएल से पहले इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 मैच के बाद पिच पर सवाल उठने लगे थे। ऐसे में तय किया गया था कि विश्वकप के लिए पिच को नए सिरे से तैयार किया जाएगा।

इसके लिए महाराष्ट्र और ओडिशा से मिट्टी मंगाई गई। इसमें महाराष्ट्र से लाल और उड़ीसा से काली मिट्‌टी लाई गई थी। करीब 4 ट्रक मिट्‌टी से स्टेडियम का काम पूरा हुआ था।

इकाना यानी अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम साल 2017 में बनकर तैयार हुआ था। इस स्टेडियम में एक साथ 50 हजार लोग मैच देख सकते है।

6 नवंबर 2018 को इकाना स्टेडियम ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला मैच हुआ था। अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी करने वाला देश का 52वां स्टेडियम है।