चेस वर्ल्ड कप : फाइनल में प्रज्ञानानंदा, नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन से होगी खिताबी टक्कर
चेस वर्ल्ड कप में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने सेमीफाइनल में रोमांचक जीत दर्ज करके इतिहास रचा। उन्होंने टाईब्रेक में अमेरिका के फाबियानो करूआना को 3.5-2.5 से मात दी।
दिग्गज भारतीय शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने प्रज्ञानानंदा को जीत दर्ज करने पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मट एक्स (ट्विटर) पर लिखा, ”प्रैग (प्रज्ञानानंदा) फाइनल में पहुंच गया! उसने टाईब्रेक में फाबियानो करूआना को हराया और अब उसका सामना मैग्नस कार्लसन से होगा। क्या शानदार प्रदर्शन है!
प्रज्ञानानंदा के फाइनल में पहुंचने पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ख़ुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि इतिहास बन रहा है।
ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंदा को फिडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाने पर बधाई। प्रज्ञानानंदा ने जबरदस्त दृढ़ता दिखाई। वह विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बन गए है। भारत की युवा प्रतिभा निरंतर छाप छोड़ रही है। फाइनल के लिए शुभकामनाएं, प्रज्ञानानंदा!

करूआना दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी है। प्रज्ञानानंदा ने दो मैचों की क्लासिकल सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म होने के बाद दिग्गज ग्रैंडमास्टर को पछाड़ा। प्रज्ञानानंदा वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाने वाले दूसरे भारतीय है। फाइनल में नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन और प्रज्ञानानंदा के बीच मैच होगा।