लक्ष्य सेन की बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के तीसरे दौर में इंट्री
बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में भारत के लक्ष्य सेन ने कोरिया के जियोन हियोक जिन के खिलाफ सीधे गेम में जीत के साथ तीसरे दौर में जगह बना ली।
भारत के 11वें वरीय खिलाड़ी का अगले दौर में सामना थाईलैंड के पांचवें वरीय कुनलावुत वितिदसार्न से हो सकता है। विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने दुनिया के 51वें नंबर के कोरियाई खिलाड़ी को एकतरफा मैच में 21-11 21-12 से हराया।
लक्ष्य ने इसके साथ ही कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ 2022 में एशिया टीम चैंपियनशिप में मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। मंगलवार से पहले इन दोनों प्लेयर्स के बीच सिर्फ यही एक मैच खेला गया था जिसमें लक्ष्य को हार मिली थी।

लक्ष्य ने जियोन हियोक के खिलाफ शुरुआत से ही दबदबा बनाया। उन्होंने रैली के बेहतर प्रदर्शन किया, उनकी गति और शॉट चयन विरोधी खिलाड़ी से बेहतर था।
भारतीय खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए 5-1 की बढ़त बनाई जिससे उन्होंने ब्रेक तक 11-6 तक पहुंचाया। लक्ष्य ने 18-11 के स्कोर पर लगातार तीन अंक के साथ पहला गेम आसानी से जीत लिया।
कोरियाई खिलाड़ी को दूसरे गेम में भी जूझना पड़ा। लक्ष्य ने 4-1 की बढ़त बनाई जिसे ब्रेक तक उन्होंने 11-5 तक पहुंचाया। लक्ष्य ने ब्रेक के बाद भी कोरियाई खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और आसानी से गेम और मैच जीत लिया।