Trending

चुनाव आयोग के ‘नेशनल आइकन’ के रूप में बल्लेबाजी करने को सचिन तेंदुलकर तैयार


नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने मतदाताओं को जागरूक और शिक्षित बनाने के लिए बुधवार को चुनाव आयोग के ‘नेशनल आइकन’ (राष्ट्र की पहचान) के रूप में नई पारी का आगाज किया।

मास्टर ब्लास्टर ने यहां आयोजित कार्यक्रम में बोला कि, भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र में युवा आबादी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने बोला कि, जो दिल खेलों में ‘इंडिया-इंडिया’ के शोर के साथ टीम इंडिया के लिये धड़कते है, वे हमारे बहुमूल्य लोकतंत्र को आगे ले जाने के लिये भी इसी तरह धड़केंगे।

चुनाव आयोग ने दिग्गज क्रिकेटर और भारत रत्न तेंदुलकर के साथ तीन वर्ष के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। इस मौके पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त अनुप चंद्र एवं अरुण गोयल उपस्थित रहे।

उन्होंने बोला कि, स्टेडियमों में भीड़ उमड़ने से लेकर मतदान केंद्रों पर भीड़ उमड़ने तक, राष्ट्रीय टीम के साथ खड़े होने से लेकर वोट डालने के लिये समय निकालने तक, हम जोश और उत्साह बनाये रखेंगे।

देश के कोने-कोने से युवा चुनावी लोकतंत्र में बड़ी संख्या में भाग लेंगे तो हम अपने देश का एक समृद्ध भविष्य देखेंगे। यह सहयोग विशेष रूप से 2024 में होने वाले आगामी आम चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिये युवा आबादी के साथ तेंदुलकर के अद्वितीय प्रभाव का लाभ उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस साझेदारी के जरिए चुनाव आयोग का लक्ष्य नागरिकों और विशेषकर युवा एवं शहरी आबादी को चुनावी प्रक्रिया के करीब लाना है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने इस मौके पर बोला कि, तेंदुलकर न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित प्रतीक है।

उनके पास एक विरासत है जो उनकी क्रिकेट प्रतिभा से कहीं आगे तक फैली हुई है। उन्होंने आगे बोला कि उनका शानदार करियर उत्कृष्टता, टीम वर्क और सफलता की निरंतर खोज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने बोला कि, उनका प्रभाव खेल से कहीं ज्यादा है, जिससे वह चुनाव आयोग के लिये मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिये आदर्श विकल्प बन गये है। इस साझेदारी के तहत तेंदुलकर विभिन्न टीवी कार्यक्रमों और डिजिटल अभियानों आदि में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देंगे।

वह इसके जरिए मतदान के महत्व और देश की नियति को आकार देने में इसकी भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के छात्रों ने लोकतंत्र की मजबूती में मतदान के महत्व पर एक प्रभावशाली नाटक भी प्रस्तुत किया।

बताते चले कि चुनाव आयोग मतदाताओं को लोकतंत्र के त्योहार में भागीदारी के लिये प्रेरित करने के लिये विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध भारतीयों के साथ साझेदारी करता आया है।

पिछले साल आयोग ने प्रसिद्ध एक्टर पंकज त्रिपाठी को नेशनल आइकॉन के रूप में मान्यता दी थी। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान महेनद्र सिंह धोनी, आमिर खान और मैरी कॉम जैसे दिग्गज चुनाव आयोग के नेशनल आइकॉन रहे चुके है।