विश्व कप शतरंज : प्रगनाननंदा और कार्लसन की दूसरी बाजी भी ड्रॉ, अब टाई ब्रेक से विजेता का फैसला
विश्व कप के फाइनल में प्रगनाननंदा और विश्व नंबर एक नार्वे के मैग्नस कार्लसन के बीच दूसरी बाजी भी बराबरी पर छूटी। एक घंटे तक चले मैच में दोनों प्लेयर्स ने 30 चालें चलीं, मैच बराबरी पर रहा और आखिर में दोनों ने ड्रॉ खेलने का फैसला किया।
इस मैच में कार्लसेन सफेद मोहरों से खेल रहे थे और शुरुआत में वह समय के लिहाज से आगे थे, इसका फायदा नहीं उठा सके और आखिर में वह खुद समय के मामले में पिछड़ने लगे थे।
फाइनल में जगह बनाने के बाद प्रगनाननंदा दिग्गज बॉबी फिशर और कार्लसन के बाद कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाले तीसरे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।

क्लासिकल फॉर्मेट की इस बाजी में प्रगनाननंदा काले मोहरों से खेल रहे थे। दोनों के बीच पहली बाजी 35 चाल के बाद ड्रॉ रही थी और दूसरी बाजी 30 चाल के बाद ड्रॉ रही। विश्व चैंपियन का फैसला गुरुवार को टाई ब्रेक के जरिए होगा।
इस मैच में सफेद मोहरों से खेलते हुए कार्लसन शुरुआत से ही रक्षात्मक तरीके से खेल रहे थे। उनकी पहली चाल के साथ ही ऐसा लग रहा था कि उन्हें हार का डर है या वह टाई ब्रेक में जाकर ही जीत हासिल करना चाहते है। इसी वजह से उन्होंने यह मैच जीतने की कोशिश भी नहीं की और खेल ड्रॉ पर खत्म हुआ।