बारिश की भेंट चढ़ा तीसरा टी-20, भारत ने अपने नाम की टी-20 सीरीज
बारिश के चलते भारत और आयरलैंड के बीच डबलिन में खेले जाने वाला सीरीज का तीसरा टी-20 नहीं हो सका। पहले टी-20 में भी बारिश का व्यवधान देखने को मिला था।
डक वर्थ लुईस नियम की मदद से भारत ने 2 रन से नजदीकी जीत दर्ज करके सीरीज में बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरे टी-20 में भारत ने आयरलैंड को 33 रन से मात देकर अजेय बढ़त मिली थी।
डबलिन में खेले गए उस मैच में जीत के लिए मिले 186 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरिश टीम 152 रन ही बना सकी थी। लगातार बारिश की वजह से टॉस संभव नहीं हो सका और मैच रद्द कर दिया गया। भारत ने जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में खेलते हुए टी-20 सीरीज को 2-0 से जीता।

दूसरे टी-20 में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एंड्रयू बालबर्नी का विकेट लेते ही खास रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए था। उन्होंने 33 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया था।
इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने 41, भुवनेश्वर कुमार ने 50 और हार्दिक पांड्या ने 57 पारियों में अपने 50 विकेट पूरे किए थे। बालबर्नी ने सीरीज के दूसरे टी-20 में शानदार अर्धशतकीय पारी (72) खेलते हुए एक अहम उपलब्धि हासिल की थी।
दरअसल, उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 2,000 रन पूरे किए और वह आयरिश टीम की तरफ से ये आंकड़ा छूने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे।
बालबर्नी खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में अपने कप्तान पॉल स्टर्लिंग (3,408) के बाद ये आंकड़ा छूने वाले सिर्फ दूसरे आयरिश खिलाड़ी बने थे।

बुमराह ने सीरीज में कुल 4 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने दूसरे टी-20 के दौरान विकेटों के मामले में हार्दिक पांड्या (73) को पीछे छोड़ दिया।
बुमराह ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 62 मैचों में 19.66 की औसत और 6.55 की इकॉनमी रेट के साथ 74 विकेट लिए है। खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत की तरफ से उनसे अधिक विकेट केवल युजवेंद्र चहल (96) और भुवनेश्वर कुमार (90) ने लिए है।
भारत ने आयरलैंड के खिलाफ अपनी तीसरी टी-20 सीरीज जीती है। इससे पहले 2022 में और 2018 में भारत ने आयरिश टीम के विरुद्ध सीरीज जीती है।
अभी तक दोनों टीमें 7 टी-20 मैचों में आमने-सामने हुई है और सभी में भारत ने जीत दर्ज की है। बता दें कि आयरलैंड की सरजमीं पर भारत ने 6 टी-20 मैच खेले है और सभी में जीत दर्ज की है।