Trending

वर्ल्ड कप के टिकटों की बिक्री बुक माय शो पर

बीसीसीआई ने भारत में खेले जाने वनडे वर्ल्ड कप की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए बुक माय शो को अपना पार्टनर बनाया है. बुक माय शो देश का प्रतिष्ठित टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म है, जो सब तरह के एंटरटेनमेंट के लिए ऑनलाइट टिकट बुकिंग की सेवा देता है.

टिकटों की यह बिक्री 25 अगस्त से शुरू हो जाएगी. फैन्स टिकट बिक्री के पहले चरण में भारत के वॉर्म अप मैचों को छोड़कर बाकी बचे सब वॉर्मअप मैचों के टिकट खरीद सकते है.

भारतीय टीम के वॉर्मअप मैचों के टिकट का इंतजार है, तो बता दें भारत अपने दो वॉर्मअप मैच गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम में खेलेगा और इन मैचों के लिए टिकट बुकिंग 30 अगस्त से शुरू होगी.

5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक होने वाले वर्ल्ड कप में कुल 58 मैचों होंगे. इसका आगाज से पहले वर्ल्ड कप में भाग ले रहीं सभी टीमों के लिए कुल 10 वॉर्म अप मैच आयोजित होंगे और यह टूर्नामेंट देश भर में कुल 12 स्थानों पर आयोजित होगा.

एक दिन बाद भारत के वर्ल्ड कप मैचों के टिकटों की बिक्री खुलेगी. 31 अगस्त से फैन्स भारत के चेन्नई, दिल्ली और पुणे में खेले जाने वाले मैचों की टिकट बुकिंग कर सकते है.

भारत अपने वर्ल्ड कप मिशन का आगाज 8 अक्टूबर, रविवार को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही करेगा. 11 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में मैच है, 19 अक्टूबर को पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ मैच है.

1 सितंबर से धर्मशाला, लखनऊ और मुंबई में होने वाले भारत के मैचों की बुकिंग खुलेगी. धर्मशाला में 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड से मैच है, लखनऊ में 29 अक्टूबर को इंग्लैंड से और इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ 2 नवंबर को मुंबई में मैच खेला जाएगा.

भारतीय टीम के फैन्स 2 सितंबर से कोलकाता और बेंगलुरु में होने वाले मैचों की टिकट खरीद सकते है. कोलकाता में 5 नवंबर को उसे दक्षिण अफ्रीका से भिड़ना है, बेंगलुरु में 12 नवंबर को नीदरलैंड्स से मैच होगा.

जिस मैच का फैन्स को बेसब्री से इंतजार है. उसकी टिकट 3 सितंबर को खुलेंगी. 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होने वाले हाईवोल्टेज मैच भारत बनाम पाकिस्तान की टिकटों की बिक्री के लिए 3 सितंबर का दिन तय हुआ है.

इस मैच को लेकर फैन्स में पहले से उत्साह है. इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मैचों की टिकट बुकिंग के लिए 15 सितंबर का दिन तय है. ये सभी टिकट अपनी-अपनी निर्धारित तारीखों में रात 8 बजे से खुलेंगी.

एक बार जब टिकट बुकिंग हो जाएगी तो इसके बाद फैन्स के पास यह विकल्प होगा कि वह चाहें तो उन्हें कोरियर से अपने पास मंगवा सकते है या फिर बताए गए स्थान से खुद जाकर प्राप्त कर सकते है.

जो फैन्स इन टिकटों को कोरियर से मंगवाने चाहते है उन्हें इसके लिए 140 रुपये का अतिरिक्त भुगतान करना होगा. कोरियर का यह शुल्क केवल भारत में डिलीवर करने से जुड़ा है. इन मैचों के लिए कोई भी ई-टिकट जैसी सुविधा नहीं है.