Trending

एशियाई खेल में भारत की चुनौती पेश करेंगे 634 खिलाड़ी

नई दिल्ली : हांग्झोउ एशियाई खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 634 एथलीटों को चुना है। मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।

भारत एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा की अगुवाई में 34 पुरुषों और 31 महिलाओं समेत 65 प्रतिभागी उतारेगा। जलक्रीड़ा (एक्वाटिक्स) में 22 जबकि तीरंदाज़ी में 16 खिलाड़ी भारतीय ध्वज संभालेंगे। कुश्ती में 18 पहलवान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भारतीय ओलंपिक संघ ने मंत्रालय के समक्ष 850 एथलीटों की सिफारिश की थी, जिनमें से 38 खेलों में इन 634 नामों को चुना गया। वर्ष 2018 में एशियाई खेल के पिछले संस्करण में कुल 572 एथलीटों ने हिस्सा लिया था, जहां भारत 16 स्वर्ण सहित 70 पदक जीतकर लौटा था।

हाल ही में फिडे विश्व कप में रजत पदक जीतने वाले रमेशबाबू प्रगनाननंदा सहित 10 भारतीय शतरंज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भारोत्तोलन में मीराबाई चानू (49 किग्रा) और बिंद्यारानी देवी (55 किग्रा) की एशियाड में तिरंगे के तले खेलेंगी। इस बार एशियाई खेल में डेब्यू कर रहे ई-स्पोर्ट्स में भारत ने 15 प्लेयर्स को उतारने का फैसला लिया है।

मंत्रालय ने आईओए को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि सब एथलीट डोपिंग से मुक्त है। मंत्रालय ने बोला कि टीमों की रवानगी से पहले डोप टेस्ट की प्राथमिकता तय करने के लिये आईओए और भारतीय खेल प्राधिकरण एक साथ बैठ सकते है।