Trending

निशानेबाज़ी विश्व चैंपियनशिप : भारत ने जीते 6 स्वर्ण सहित 14 पदक

बाकू : निशानेबाज़ी विश्व चैंपियनशिप में भारत ने छह स्वर्ण और आठ कांस्य समेत 14 पदक अपने नाम करके अपने सफर को खत्म किया।

ओलंपिक और गैर-ओलंपिक नियमित शूटिंग प्रतियोगिताएं शुक्रवार को खत्म हो गई। चैंपियनशिप में रनिंग स्पर्धाएं 31 अगस्त तक जारी रहेंगे, इनमें कोई भारतीय भाग नहीं लेगा।

पदक तालिका में भारतीय शूटिंग टीम कुल पदक तालिका में चीन (15 स्वर्ण, सात रजत, छह कांस्य) के बाद दूसरे स्थान पर है। पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित आठ पदक जीतकर अमेरिका तीसरे स्थान पर है। चार भारतीय निशानेबाजों ने चैंपियनशिप के दौरान पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया।

राजेश्वरी कुमारी (महिला ट्रैप), सिफ्त कौर समरा (महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन), अखिल श्योराण (पुरुष 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन) और मेहुली घोष (महिला 10 मीटर एयर राइफल) ने अपनी-अपनी स्पधार्ओं में ओलंपिक कोटा अपने नाम किया।

तियाना, साक्षी सूर्यवंशी और किरणदीप कौर की 50 मीटर पिस्टल महिला टीम ने स्वर्ण पदक के साथ भारत का सफर खत्म किया।

अमनप्रीत सिंह ने पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में स्वर्ण पदक अपने नाम किया, शिव नरवाल और ईशा सिंह ने मिश्रित 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण हासिल किया।

रिदम सांगवान, ईशा सिंह और मनु भाकर की भारतीय महिला तिकड़ी ने महिलाओं की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और अखिल श्योराण ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 टीम स्पर्धा में, मेहुली घोष तिलोत्तमा सेन और रमिता ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।