Trending

द हंड्रेड लीग : जोस बटलर का कमाल, मैनचेस्टर ओरिजिनल्स फाइनल में


द हंड्रेड लीग के एलिमिनेटर मैच में जोस बटलर का तूफान देखने को मिला। उनके साथ-साथ फिलिप साल्ट ने आतिशी पारी खेलकर अपनी टीम को फाइनल का टिकट दिलाया।

एलिमिनेटर मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउदर्न ब्रेव ने 100 गेंदों में 1 विकेट पर 196 रन बनाए। इससे प्रतीत हो रहा था कि मैनचेस्टर के लिए जीत पाना मुश्किल होगा, क्योंकि साउदर्न टीम के पास अच्छे गेंदबाज थे।

फिलिप साल्ट और जोस बटलर ने जीत की ऐसी नींव रखी, जिसे कोई हिला नहीं सका। बाद में मैच फिनिश लॉरी इवान्स और जैमी ओवर्टन ने किया। इस तरह 7 विकेट से मैच जीतकर मैनचेस्टर की टीम फाइनल में पहुंची।

एलिमिनेटर मैच मैनचेस्टर ओरिजिनल्स और साउदर्न ब्रेव के बीच हुआ, जो हाई स्कोरिंग था, मैनचेस्टर की टीम को जीत मिली, जिसके कप्तान जोस बटलर है।

साउदर्न ब्रेव की तरफ से इस मैच में टॉप के तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक मारे। फिन एलेन 38 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों से 69 रन बनाने में सफल हुए, डेवन कॉनवे ने 38 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के से 51 रन की पारी खेली।

कप्तान जेम्स विन्स ने 25 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों से 56 रन बनाए। मैनचेस्टर की ओर से 1 विकेट पॉल वॉल्टर को मिला, बाकी गेंदबाज खाली हाथ लौटे।

मैनचेस्टर की टीम 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो ओपनर फिलिप साल्ट और जोस बटलर ने 32 गेंदों में 83 रन जोड़े। इस दौरान साल्ट 17 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों से 47 रन बनाकर आउट हुए।

बटलर ने 46 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 82 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। 32 रन मैक्स होल्डन, 22 रन लॉरी इवान्स और 7 रन जैमी ओवर्टन ने बनाए।