वनडे वर्ल्ड कप : 4 अक्टूबर को अहमदाबाद में उद्घाटन समारोह
अहमदाबाद में चार अक्टूबर को भारत में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी होगी। ओपनिंग सेरेमनी शहर में कहां होगी, ये तय नहीं है, इसे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही आयोजित कराने की चर्चाएं जोरों पर है।
इस बार का वर्ल्ड कप पिछली बार की तरह राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में होगा। टूर्नामेंट में 10 टीमें भाग लेंगी। सभी 10 टीमों के कप्तान ओपनिंग सेरेमनी के दौरान अहमदाबाद में मौजूद रहेंगे।
आईसीसी ‘कैप्टंस डे’ इवेंट में सभी कप्तानों का छोटा सा फॉर्मल सेशन भी रखेगी। ओपनिंग सेरेमनी में आईसीसी के एग्जीक्यूटिव बोर्ड मेंबर्स भी मौजूद रहेंगे।
आईसीसी के साथ मेजबान बीसीसीआई के भी एग्जीक्यूटिव बोर्ड मेंबर्स ओपनिंग सेरेमनी का हिस्सा बनेंगे। इसी स्टेडियम में अगले दिन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच ओपनिंग मैच होगा।

दोनों टीमें 2019 के पिछले वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भी भिड़ी थीं। वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक भारत के 10 शहरों में होगा। टूर्नामेंट का ओपनिंग और फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही खेला जाएगा।
ओपनिंग सेरेमनी के दौरान 6 टीमों के कप्तानों को जल्दबाजी में अहमदाबाद पहुंचना होगा क्योंकि 6 टीमें सेरेमनी के एक दिन पहले ही 3 अक्टूबर को किसी और शहर में वॉर्म-अप मैच खेल रही होंगी।
ऐसे में इन टीमों के कप्तानों को मैच खत्म होते ही अहमदाबाद के लिए निकलना होगा। बाकी 4 टीमों के कप्तान 4 अक्टूबर की सुबह ही अहमदाबाद पहुंच जाएंगे।
3 अक्टूबर को भारत-नीदरलैंड के बीच तिरुवनंतपुरम, ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान के बीच हैदराबाद और श्रीलंका-अफगानिस्तान के बीच गुवाहाटी में वॉर्म-अप मैच होंगे।
यानी भारत से कप्तान रोहित शर्मा, नीदरलैंड से स्कॉट एडवर्ड्स, ऑस्ट्रेलिया से पैट कमिंस, पाकिस्तान से बाबर आजम, श्रीलंका से दसुन शनाका और अफगानिस्तान से हसमतुल्लाह शाहिदी को मैच खत्म होते ही अहमदाबाद पहुंचना होगा।
वनडे वर्ल्ड कप 12 वर्ष बाद एशिया में आयोजित हो रहा है। इससे पहले 2011 में भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में वर्ल्ड कप खेला गया था।
तब बांग्लादेश के ढाका शहर में ओपनिंग सेरेमनी आयोजित हुई थी। एशिया की झलक दिखाने के लिए सभी टीमों के कप्तानों को रिक्शा पर बैठाकर स्टेज तक लाया गया था। इसी तरह का माहौल इस बार भी चार अक्टूबर के दिन देखने को मिल सकता है।