Trending

विश्व एथलेटिक्स : पारुल चौधरी ने राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ हासिल किया ओलंपिक का टिकट

महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में भारत की पारुल चौधरी हंगरी में जारी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 11वें स्थान पर रहीं। उन्होंने इसमें 9:15.31 के समय के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

साथ ही पारुल ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड हासिल कर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पारुल चौधरी 200 मीटर के स्प्लिट में स्टीपलचेज में सबसे आगे थीं, उन्होंने अपनी गति खो दी और 11वें स्थान पर रहीं।

2900 मीटर स्प्लिट तक, भारतीय एथलीट 13वें स्थान पर थी, अंतिम 100 मीटर स्प्लिट में उन्होंने दो स्थान की छलांग लगाई। इसी के साथ वह 11वां स्थान प्राप्त कर पाईं। स्टीपलचेज में ब्रुनेई एथलीट विन्फ्रेड मुटिले यावी ने 8:54.29 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

केन्या की बीट्राइस चेपकोच ने 8:58.98 के अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ रजत पदक जीता और केन्या की एक अन्य एथलीट फेथ चेरोटिच ने 9:00.69 का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ अंक हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने 400 मीटर रिले रेस के फाइनल में जगह बनाई है, टीम पांचवें स्थान पर रही।

मुहम्मद अनस याहिया, अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल और राजेश रमेश की भारतीय टीम ने दो मिनट 59.05 सेकेंड में अपनी रेस पूरी की। इससे पहले एशिया की किसी टीम ने सबसे कम टाइम में दो मिनट 59.51 सेकेंड में 400 मीटर रिले रेस पूरी की थी। जापान टीम ने यह कारनामा किया था।

पीएम मोदी ने भारतीय टीम की इस सफलता पर बधाई देते हुए वीडियो साझा करके एक्स पर लिखा “विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अविश्वसनीय टीम वर्क!

अनस, अमोज, राजेश रमेश और मुहम्मद अजमल ने एम 4X400 मीटर रिले में एक नया एशियाई रिकॉर्ड स्थापित करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। इसे भारतीय एथलेटिक्स के लिए सचमुच ऐतिहासिक, विजयी वापसी के रूप में याद किया जाएगा।