भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर अगली सुनवाई 25 सितंबर को
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर सुनवाई हुई। जिसमें कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए कोर्ट से समय मांगा।
बताते चले कि हाईकोर्ट ने मतदान से एक दिन पहले, 11 अगस्त को कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र हुड्डा की अगुवाई वाली हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन की याचिका पर सुनवाई करते हुए चुनाव पर रोक लगा दी थी।
हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन ने भारतीय कुश्ती संघ चुनाव में वोटिंग का अधिकार न दिए जाने पर हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए संघ को समय देने का फैसला लिया। मामले की सुनवाई के लिए अगली तारीख 25 सितंबर तय की गई है।

हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन की तरफ से हाईकोर्ट में दायर याचिका में दलील दी गई कि कुश्ती संघ चुनाव में उसे वोटिंग का अधिकार नहीं दिया गया, वह भारतीय कुश्ती संघ और हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन से एफिलिएटेड है।
हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन का कहना था कि उसकी जगह हरियाणा एमेच्योर रेसलिंग एसोसिएशन को वोटिंग का अधिकार दिया गया है जो गलत है।
हरियाणा एमेच्योर रेसलिंग एसोसिएशन के वकील ने हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन के दावे को गलत बताते हुए हाईकोर्ट में बोला कि उनकी संस्था रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया से एफिलिएटेड है इसलिए उसे भारतीय कुश्ती संघ चुनाव में वोट डालने का अधिकार है।
काफी देर चली बहस में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती संघ को 12 अगस्त को होने वाले चुनाव पर अगले आदेश तक रोक लगाते हुए मामले की सुनवाई 28 अगस्त तय कर दी।
चार दिन पहले यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता रद्द कर दी है। इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन ने भारतीय कुश्ती संघ को भंग करते हुए एडहॉक कमेटी बना दी।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने 30 मई को लेटर लिखकर 45 दिन यानी 15 जुलाई तक भारतीय कुश्ती संघ के नए चुनाव कराने का अल्टीमेटम दिया था। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने अपने पत्र में स्पष्ट किया था कि ऐसा न होने पर वह भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता सस्पेंड कर देगा।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के पत्र के बाद इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन ने एडहॉक कमेटी को भारतीय कुश्ती संघ के नए पदाधिकारियों का चुनाव कराने का जिम्मा दिया।
एडहॉक कमेटी ने 12 अगस्त को मतदान की तारीख तय कर दी। मतदान से एक दिन पहले, 11 अगस्त को हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन ने वोटिंग राइट के मुद्दे पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका लगा दी और अदालत ने चुनाव पर रोक लगा दी।
तय समय सीमा में चुनाव नहीं होने पर यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता रद्द कर दी। भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता रद्द हो जाने से भारतीय पहलवानों को बड़ा झटका लगा है।
भारतीय पहलवान 16 से 22 सितंबर के बीच सर्बिया में होने वाली पुरुषों की वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में भारतीय झंडे के तले नहीं खेल पाएंगे। उन्हें इसमें यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के बैनर तले खेलना होगा। इन्हें ‘ऑथोराइज्ड न्यूट्रल एथलीट’ की कैटेगरी में रखा जाएगा।
किसी विवाद की सूरत में संबंधित देश के एथलीट ऑथोराइज्ड न्यूट्रल एथलीट कैटेगरी के तहत इंटरनेशनल टूर्नामेंटों में भाग लेते है।
इसमें यह एथलीट टूर्नामेंट कराने वाली इंटरनेशनल संस्था के बैनर तले खेलते है। टूर्नामेंट में ऑथोराइज्ड न्यूट्रल एथलीट खिलाड़ी यदि पदक जीतते है तो उन पदक को उनके देश के मेडल्स में नहीं गिना जाता। मेडल जीतने की सूरत में होने वाली अवॉर्ड सेरेमनी में उनके देश का राष्ट्रगान नहीं बजाया जाता।
भारतीय कुश्ती संघ के नए पदाधिकारियों के लिए उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी हो चुकी है। अध्यक्ष पद के लिए 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट अनीता श्योराण और यूपी के संजय सिंह के बीच टक्कर है।