अमेरिकी ओपन में नोवाक जोकोविच ने जीत के साथ की वापसी
अमेरिकी ओपन में नोवाक जोकोविच ने यादगार वापसी करते हुए एलेक्जेंडर मुलर पर 6-0, 6-2, 6-3 से जीत हासिल की। इस विजेता को मैच शुरू होने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।
आर्थर ऐश स्टेडियम में इससे पहले हुए कोको गॉ का मैच तीन घंटे तक चला और पुरुषों के बराबर महिलाओं को पुरस्कार राशि मिलने की 50वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम की वजह से जोकोविच के मैच में काफी विलंब हुआ।
इस जीत के साथ ही जोकोविच का रैंकिंग में दोबारा से शीर्ष पायदान पर पहुंचना भी पक्का हो गया। सर्बिया के इस खिलाड़ी को पिछले वर्ष अमेरिका की यात्रा करने की मंजूरी नहीं मिली थी क्योंकि उन्हें कोविड-19 का टीका नहीं लगा है।

जोकोविच ने इस जीत के बाद कहा, ‘‘ मुझे पता था कि मेरा मैच काफी देर से होगा। मैं हालांकि कोर्ट पर जाने के लिए उत्साहित था।
मैंने आधी रात के बाद शुरुआत की, मुझे इसकी कोई परवाह नहीं थी। मैं कुछ वर्षों से इस पल का इंतजार कर रहा था कि मैं अपने खेल के सबसे बड़े स्टेडियम में रात के सत्र में खेल सकूं।
जोकोविच इससे पहले 2021 के सत्र में इस टूर्नामेंट में खेले थे। तब फाइनल में दानिल मेदवेदेव ने उन्हें मात देकर करियर ग्रैंडस्लैम पूरा करने का उनका सपना तोड़ा था।
इस खिलाड़ी ने अमेरिकी ओपन के पहले दौर में अपने शत-प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा। यह लगातार 17वीं बार है जब जोकोविच ने पहले दौर का मैच जीता है। इस जीत के बाद वह 11 सितंबर को जारी होने वाली एटीपी रैंकिंग में कार्लोस अलकराज को हटाकर शीर्ष पर पहुंच जायेंगे।