Trending

डूरंड कप :19 साल बाद ईस्ट बंगाल के फाइनल में

कोलकाता : डूरंड कप में नंदकुमार सेकर के शानदार प्रदर्शन से ईस्ट बंगाल ने पेनल्टी शूटआउट में नॉर्थईस्ट यूनाईटेड एफसी को 5-3 से मात देकर 19 साल बाद फाइनल में जगह बना ली है।

एक समय ईस्ट बंगाल टीम 0-2 से पिछड़ रही थी, वह जोरदार वापसी करने में सफल रही। नंदकुमार ने पेनल्टी शूटआउट में गोल दागा।

उनसे पहले क्लेटन सिल्वा, साउल क्रेस्पो, बोर्जा हरेरा और नाओरेम महेश ने भी ईस्ट बंगाल की ओर से पेनल्टी शूट आउट में गोल किए।

मैच खत्म होने में जब केवल एक मिनट का समय बचा था तब नंदकुमार (90 प्लस सातवें मिनट) ने हेडर से गोल करके मैच 2-2 से बराबर कर दिया और मैच को पेनल्टी शूटआउट में खींचा।

16 बार की विजेता ईस्ट बंगाल ने 2004 के बाद पहली बार डूरंड कप के फाइनल में जगह बनाई है। पेनल्टी शूटआउट में ईस्ट बंगाल के गोलकीपर प्रभसुखन सिंह गिल ने पार्थिव गोगोई के शॉट को रोका जिसे दोबारा लिया गया।

दूसरे मौके पर उनका शॉट क्रॉसबार से टकरा गया जिससे ईस्ट बंगाल की जीत पक्की हुई। फाइनल में ईस्ट बंगाल का मैच मोहन बागान और एफसी गोवा के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

इससे पहले नॉर्थईस्ट की टीम ने शुरुआती एक घंटे के दौरान मैच में दबदबा बनाए रखा और 2-0 की बढ़त बनाई। सोराइसेम दिनेश सिंह ने आत्मघाती गोल दागकर ईस्ट बंगाल को वापसी का अवसर दिया जिसके बाद अंतिम लम्हों में नंदकुमार ने टीम को बराबरी दिला दी।