Trending

बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग : पहली बार शीर्ष छह में पहुंचे एचएस प्रणय

विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम करने वाले एचएस प्रणय ने करियर का सर्वश्रेष्ठ छठा स्थान हासिल किया।

एचएस प्रणय ने 72437 अंक के साथ पुरुष एकल रैंकिंग में तीन स्थान का सुधार किया। वह पिछले वर्ष दिसंबर के बाद से रैंकिंग में शीर्ष 10 में अपना स्थान बरकरार रखने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी है।

प्रणय ने इस दौरान मलयेशिया मास्टर्स (सुपर 500) का खिताब जीता और ऑस्ट्रेलियाई ओपन में उपविजेता रहे थे। केरल के 31 वर्षीय इस खिलाड़ी ने विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल तक चले अपने सफर के दौरान विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और ओलंपिक विजेता विक्टर एक्सेलसेन को मात देकर टूर्नामेंट का अपना पहला पदक पक्का किया था।

पुरुष एकल में लक्ष्य सेन एक स्थान के नुकसान के साथ 12वें, विश्व चैंपियनशिप के पहले दौर में बाहर होने वाले किदांबी श्रीकांत पहले की तरह 20वें स्थान पर है।

महिला एकल में पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु विश्व चैंपियनशिप के शुरुआती चरण में बाहर होने के बावजूद एक स्थान आगे बढ़कर 14वीं पायदान पर पहुंच गईं।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरूष युगल जोड़ी अपना दूसरे स्थान बरकरार रखने में सफल रही। इस जोड़ी को विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में किम एस्ट्रूप-एंडर्स रासमुसेन ने हराया था। तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी रैंकिंग में दो स्थान आगे बढ़कर 17वें पायदान पर पहुंच गई।