Trending

एशिया कप : जीत के साथ पाकिस्तान का सफर शुरू, बने ये रिकार्ड्स

एशिया कप में पाकिस्तान की जीत के साथ शुरुआत हुई। नेपाल के खिलाफ पाक ने 238 रन से बेहतरीन जीत दर्ज की। पाक ने 6 विकेट पर 342 रन बनाया, जवाब में नेपाल 23.4 ओवर में 104 रन पर ऑलआउट हो गया।

पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम (131 गेंदों में 151) और इफ्तिखार अहमद (71 गेंदों में नाबाद 109) ने शानदार शतकीय पारी खेली।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इस मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

पाकिस्तान ने एशिया कप इतिहास की दूसरी बड़ी जीत हासिल की है। टूर्नामेंट में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम है।

भारत ने वर्ष 2008 में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 256 रन से विजयी परचम फहराया था। भारत ने उस मैच में 374/4 का स्कोर बनाया और जवाब में हॉन्ग कॉन्ग टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई।

बाबर आजम ने एशिया कप इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी खेली है। वह भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का 11 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए।

बाबर अगर 33 रन और बना लेते तो वह एशिया कप में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड बना देते। यह कीर्तिमान कोहली का नाम है। कोहली ने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन की पारी खेली थी।

बाबर सबसे तेज 19 वनडे शतक मारने वाले प्लेयर बने। उन्होंने यह आंकड़ा 102 पारियों में छुआ। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज हाशिम अमला और कोहली को पीछे छोड़ा है। अमला ने 104 पारियों, कोहली ने 124 पारियों में 19 वनडे शतक ठोके थे।

बाबर 28 वर्ष की उम्र में सर्वाधिक शतक मारने के मामले में छठे स्थान पर आ गए है। यह उनकी 31वीं इंटरनेशनल सेंचुरी है। इस लिस्ट में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (60) शीर्ष पर है। उनके बाद कोहली (49), रिकी पोंटिंग (34), जो रूट (33) और केन विलियमसन (33) का नंबर पर है।

बाबर और इफ्तिखार ने एशिया कप इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप की है। दोनों ने नेपाल के खिलाफ पांचवें विकेट के लिए 214 रन जोड़े।

टूर्नामेंट में सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड हफीज और जमशेद के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2012 में भारत के खिलाफ 224 रन जोड़े थे। यूनूस और मलिक 223, कोहली और रहाणे टूर्नामेंट में 213 की पार्टनरशिप कर चुके है।