Trending

एशिया कप : बारिश की भेंट चढ़ा भारत-पाक मैच, दोनों टीमों को एक-एक अंक

श्रीलंका के पल्लेकल स्टेडियम में लगातार हो रही बारिश की वजह से भारत बनाम पाकिस्तान मैच रद्द कर दिया गया। मैच रद्द होने से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले।

टॉस जीतकर भारत पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी और पूरी टीम 48.5 ओवर में 266 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत 150 रन भी नहीं बनाएंगी।

ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी ने टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मैच रद्द होने से पाक के दो मैचों में तीन अंक हो गए और वह सुपर 4 के लिए क्वालीफाई हो गई।

अपने पहले मैच में पाक ने नेपाल को मात दी थी। भारत के खाते में एक मैच में एक अंक है। भारत को सुपर-4 में पहुंचने के लिए चार सितंबर को होने वाले मैच में नेपाल को हराना होगा।

इस मैच में पाक तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की शानदार गेंदबाजी के बीच उपकप्तान हार्दिक पांड्या और विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन के अर्धशतक से भारत ने पाक को 267 रनों का टारगेट दिया।

बारिश होने लगी और पाकिस्तान को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। हार्दिक ने भारी दवाब के बीच बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंद पर 7 चौके और एक छक्के से 87 रन बनाए।

ईशान किशन ने 81 गेंद पर दो छक्के और 9 चौके से 82 रन बनाए। दोनों ने पांचवे विकेट के लिए 138 रन जोड़े। पाक के लिए शाहीन अफरीदी ने सबसे अधिक 10 ओवर में 35 रन देकर चार विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने दो मेडन ओवर भी फेंके।

पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया को पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने काफी परेशान किया है। पाक की पेस गेंदबाजी के सामने भारत का टॉप ऑर्डर पूरी तरह से फेल रहा और 66 रन पर पहले चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। पाक से शाहीन शाह अफरीदी ने बेहतरीन गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों को क्रीज़ पर टिकने का अवसर नहीं दिया।

पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर शाहीन अफरीदी ने इनस्विंग गेंद पर रोहित को आउट किया। यह ठीक वैसी ही गेंद थी जैसा उन्होंने 2021 टी20 वर्ल्डकप के दौरान रोहित को डाली थी और उन्हें आउट किया था।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

रोहित 22 गेंदों में 11 रन बना सके। कुछ देर बार अफरीदी ने कोहली को भी आउट किया। अफरीदी की अंदर आती गेंद कोहली समझ नहीं पाये और 22 गेंदों में 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

भारत को तीसरा झटका 10वे ओवर में लगा। बेहतरीन लय में दिख रहे श्रेयस अय्यर को हारिस रऊफ ने फखर जमा के हाथों कैच आउट करवाया। अय्यर ने नौ गेंद पर 14 रन बनाए।

हारिस रऊफ ने भारत को एक और झटका दिया। उन्होंने 15वें ओवर की पहली गेंद पर शुभमन गिल को आउट किया। गिल ने 32 गेंद पर 10 रन बनाए।

ईशान किशन ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर पारी को संभाला। ईशान किशन ने इस दौरान वनडे में लगातार चौथा अर्धशतक पूरा किया।

पांड्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। हारिस रऊफ ने 38वे ओवर में भारत को बड़ा झटका दिया और किशन को बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाबर आजम के हाथों कैच आउट कराया।

44वें ओवर की पहली गेंद पर शाहीन अफरीदी ने हार्दिक पांड्या को अपना शिकार बनाया। आगा सलमान ने उनका कैच लिया। भारत की पारी अचानक से लड़खड़ा गई और दोहरा झटका लगा।

44वें ओवर की पहली गेंद पर शाहीन ने हार्दिक को आउट किया। इसी ओवर की छठी गेंद पर रवींद्र जडेजा पवेलियन लौट गए। उनके बाद 45वें ओवर की पहली गेंद पर नसीम शाह ने शार्दुल ठाकुर को आउट कर दिया।

जडेजा 22 गेंद पर 14 रन बनाकर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच थमा बैठे। नसीम शाह ने शार्दुल को शादाब खान के हाथों कैच कराया।

कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने कुछ शॉट्स मारे और स्कोर कार्ड को आगे बढ़ाया। तभी 49वे ओवर में नसीम शाह की गेंद पर कुलदीप विकेट कीपर मोहम्मद रिजवान को कैच थमा बैठे। कुलदीप ने 4 रन बनाए।

बुमराह ने तेजी से बल्लेबाजी करने की कोशिश की और बड़ा शॉट खेलने के चलते आग़ा सलमान को कैच थमा बैठे। बुमराह ने 14 गेंद पर 16 रन बनाए। पाक के लिए अफरीदी के अलावा हारिस रऊफ और नसीम शाह ने तीन -तीन विकेट झटके।