एशिया कप : मेहदी हसन व नजमुल के शतक से बांग्लादेश की जीत
मेहदी हसन मिराज (112 रन) की पारी के बाद नजमुल शांतो (104 रन) के शतक से बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 89 रनों से हराया। मिराज बांग्लादेश की तरफ से वनडे फॉर्मेट में 1,000 रन पूरा करने वाले 23वें बल्लेबाज बने है।
उन्होंने अपनी पारी के दौरान रनों के मामले में नईम इस्लाम (975), अकरम खान (976) और खालिद महमूद (991) को पीछे छोड़ा है। उनके अब 79 वनडे में 78.33 की स्ट्राइक रेट से 1,005 रन हो गए है।
इस बीच उन्होंने रनों के मामले में रजिन सालेह (1,005) की बराबरी कर ली है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने आई बांग्लादेश ने पांच विकेट के नुकसान पर 334 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान 245 रन पर ढेर हो गई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के 63 रन पर 2 विकेट चले गए। मिराज और शांतो ने शतक जड़ा। शाकिब ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।
जवाब में अफगानिस्तान से इब्राहिम जादरान (75) और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (51) ने अर्धशतक जड़ा। इनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके और टीम लक्ष्य से दूर रही।
पारी की शुरुआत करने आए मिराज ने पारी का सातवां ओवर करने आए फजलहक फारूकी की गेंदों पर 2 चौके मारते हुए आत्मविश्वास हासिल किया। क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने 65 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने शांतो (104) के साथ मिलकर अपनी टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया और अपने अर्धशतक को शतक में बदला। वह 112 रन की पारी खेलकर रिटायर हर्ट हो गए।
बांग्लादेश के प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक शांतो ने शुरुआती विकेट पतन के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूती दी। उन्होंने 105 गेंदों में 104 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के मारे। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक रहा। शांतो शानदार फॉर्म में है। उन्होंने पहले मैच में श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था।
मिराज ने शांतो के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 190 गेंदों में 194 रन की पार्टनरशिप की। यह एशिया कप के इतिहास में बांग्लादेश के लिए किसी भी विकेट की सबसे बड़ी पार्टनरशिप बन गई है।
इससे पहले सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड इमरुल कायेस और जुनैद सिद्दीकी के नाम दर्ज था। इस जोड़ी ने वर्ष 2010 में पाकिस्तान टीम के खिलाफ 160 रनों की पार्टनरशिप की थी।