Trending

यूएस ओपन : दानिल मेदवेदेव चौथे दौर में, तोड़ा सेबेस्टियन बेज की जीत का सिलसिला

रूस के दानिल मेदवेदेव ने यूएस ओपन मेंअर्जेंटीना के सेबेस्टियन बेज को 6-2, 6-1, 7-6 (6) से मात देकर उनका 12 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला तोड़ते हुए चौथे दौर में जगह बनाई। शीर्ष वरीय कार्लोस अल्काराज लगातार तीसरे वर्ष चौथे दौर में पहुंचे।

उन्होंने डेनियल इवांस को 6-2, 6-3, 4-6, 6-3 से हराया। जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने दुनिया के पूर्व नंबर तीन ग्रिगोर दिमित्रोव को 3 6-7(2), 7-6(8), 6-1, 6-1 से हराया।

मेदवेदेव ने बेज के खिलाफ पहले दो सेट में आसानी से जीत दर्ज कर ली। तीसरे सेट में रूसी खिलाड़ी ने बेजा गलतियां कीं। बेज ने भी अपने खेल का स्तर उठाया। यह सेट टाईब्रेकर तक चला।

अमेरिका की जेसिका पेगुला और मेडिसन कीज यूएस ओपन टेनिस के चौथे दौर में पहुंच गई है। अब दोनों आमने-सामने होंगी। तीसरी वरीयता की पेगुला ने यूक्रेन की इलिना स्वितोलिना को 6-4, 4-6, 6-2 से हराया।

छह वर्ष पहले इसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची मेडिसन कीज ने पहला सेट हारने के बाद 14वें नंबर की खिलाड़ी लियुडमिला सैमसोनोवा को 5-7, 6-2, 6-2 से हराया।

पिछले वर्ष फाइनल में पहुंचीं ट्यूनीशिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त ओंस जेबुअर भी चौथे दौर में एंट्री हो गई। उन्होंने 31वें नंबर की मैरी बोजकोवा को दो घंटे 56 मिनट चले मैच में 5-7, 7-6 (5), 6-3 से हराया।

आर्यना सबालेंका ने क्लारा बुरेल को 6-1, 6-1 से और 13वें नंबर की दारिया कासातकिना ने ग्रीट मिनेन को 6-3, 6-4 से हराया।