एशिया कप : भारत और पाकिस्तान 10 सितंबर को फिर होंगे आमने-सामने
श्रीलंका के पल्लेकल स्टेडियम में भारत ने नेपाल को अपने दूसरे मैच में 10 विकेट से मात दी। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। ग्रुप-ए से पाकिस्तान ने पहले स्थान पर और भारत ने दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर फोर के लिए क्वालिफाई कर लिया।
ग्रुप-बी में अभी श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान तीनों के सुपर फोर में पहुंचने के रास्ते खुले हुए है। सुपर फोर राउंड की शुरुआत छह सितंबर से होगी।

सुपर फोर में भारत और पाकिस्तान एक बार फिर 10 सितंबर को आमने-सामने होंगे। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा।
भारतीय टीम सुपर फोर का दूसरा मैच 12 सितंबर को और तीसरा मैच 15 सितंबर को होगा। यह दोनों मैच भी कोलंबो में ही खेले जाएंगे। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.2 ओवर में 230 रन बनाए थे। बारिश की वजह से काफी देर तक खेल रुका रहा।
डकवर्थ लुईस नियम के तहत भारत को 23 ओवर में 145 रन का टारगेट मिला था। जवाब में भारत ने 20.1 ओवर में 10 विकेट से जीत दर्ज की।
कप्तान रोहित शर्मा 74 रन और शुभमन गिल 67 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ भारत ने सुपर फोर में जगह बना ली है। नेपाल एशिया कप से बाहर होने वाली पहली टीम बनी।
नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 230 रन बनाए थे। इस टीम को ऑलआउट करने में भारत को 48.2 ओवर लग गए थे। पाक ने नेपाल को 24 ओवर के अंदर ऑलआउट कर दिया था।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कुशाल भुर्तेल और आसिफ शेख ने नेपाल को अच्छी शुरुआत दिलाई। भारत की फील्डिंग निराशाजनक रही। शुरुआती कुछ ओवरों में श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और ईशान किशन ने तीन आसान कैच छोड़े।
इसका फायदा उठाकर कुशाल और आसिफ ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को शार्दुल ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने कुशाल को विकेटकीपर ईशान के हाथों कैच कराया।
कुशाल 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के से 38 रन बना सके। रवींद्र जडेजा ने भीम शार्की (7), कप्तान रोहित पौडेल (5) और कुशाल मल्ला (2) को पवेलियन भेजा।
आसिफ ने गुलशन झा के साथ 31 रन की पार्टनरशिप निभाई। आसिफ ने अर्धशतक पूरा किया। वह 97 गेंदों पर आठ चौके से 58 रन बनाकर सिराज की गेंद पर कैच आउट हुए।
गुलशन को भी सिराज ने विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। दीपेंद्र सिंह एयरी और सोमपाल कामी ने सातवें विकेट के लिए 50 रन की पार्टनरशिप निभाई। दीपेंद्र को हार्दिक ने एल्बीडब्ल्यू किया। वह 25 गेंदों में तीन चौके से 29 रन बना सके।
सोमपाल ने दूसरे छोर से रन बनाना जारी रखा और कुछ शानदार शॉट्स मारे। सोमपाल 56 गेंदों में एक चौके और दो छक्के से 48 रन बनाकर आउट हुए। संदीप लमिछाने नौ रन बनाकर रन आउट हुए।
सिराज ने ललित राजबंशी को आउट करके नेपाल की पारी 230 रन पर ऑलआउट हो गई। सिराज और जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए।
शमी, हार्दिक और शार्दुल को एक-एक विकेट मिला। सिराज ने तीन विकेट जरूर लिए, लेकिन उन्होंने 9.2 ओवर में 61 रन लुटाए। शार्दुल को चार ओवर में 26 रन पड़े।
जवाब में भारत जब बल्लेबाजी के लिए उतरी तो 2.1 ओवर में 17 के कुल स्कोर पर बारिश ने दस्तक दे दी। मैच कई घंटों तक बाधित रहा। रात 10 बजकर 15 मिनट पर मैच दोबारा से शुरू हुआ।
अंपायर्स ने ओवर्स में कटौती की और 23 ओवर का कर दिया। भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 145 रन का लक्ष्य मिला। इस लक्ष्य को भारत ने 20.1 ओवर में हासिल कर लिया।
रोहित ने वनडे करियर का 49वां और शुभमन ने सातवां अर्धशतक जड़ा। हिटमैन 59 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के से 74 रन बनाकर नाबाद रहे। शुभमन गिल ने 62 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की 67 रन की पारी खेली।