वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम घोषित, इन चार प्लेयर्स को नहीं मिली जगह
अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम घोषित हो गई है। दोपहर 1.30 बजे बीसीसीआई चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने टीम के 15 प्लेयर्स के नाम की घोषणा की।
46 दिन तक वनडे वर्ल्ड कप होगा, जिसमें 48 मैच होंगे। पहला मैच 5 अक्टूबर को पिछले वर्ल्ड कप की विजेता और उप-विजेता इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में होगा। 12 नवंबर तक ग्रुप स्टेज के 45 मैच होंगे। 15 और 16 नवंबर को 2 सेमीफाइनल और 19 नवंबर को अहमदाबाद में फाइनल होगा।
श्रीलंका के कैंडी में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजित अगरकर के साथ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी मौजूद थे। वनडे वर्ल्ड कप में भारत अपने सफर का आगाज 8 अक्टूबर को चेन्नई के चेपॉक मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा।

श्रीलंका में इस समय चल रहे एशिया कप के लिए भारत की जो 18 मेंबर्स वाली टीम चुनी गई थी उन्हीं में से 15 खिलाड़ी वर्ल्ड कप टीम में शामिल हुए है।
एशिया कप टीम में मौजूद तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा और संजू सैमसन को वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली है। टीम में युजवेंद्र चहल को भी अवसर नहीं मिला है। वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में होगा।
वनडे वर्ल्ड कप (टीम इंडिया) : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, सूर्याकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव