एशिया कप के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं करेगा एसीसी
एशिया कप के शेड्यूल में एशियन क्रिकेट काउंसिल किसी तरह का बदलाव नहीं करने का मन बनाया है। हाल ही में खबरें आई थीं कि श्रीलंका में बारिश की वजह से सुपर-4 चरण के मैच और फाइनल को कोलंबो से हंबनटोटा शिफ्ट हो सकते है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, आयोजक कोलंबो में मैच आयोजित करने की संभावनाओं को ही तलाश रहे है। मौसम की स्थिति सुधार में हुआ, जिसके बाद एसीसी ने हड़बड़ी में कोई कदम नहीं उठाने का फैसला किया है।
बता दें कि एशिया कप की मेजबानी हाइब्रिड मॉडल के तहत पाकिस्तान और श्रीलंका की मेजबानी में हो रहा है। बुधवार से सुपर-4 चरण शुरू होने जा रहा है, जिसमें कुल छह मैच होंगे। पहला मैच लाहौर में होगा। सुपर-4 के अन्य पांच मैच और फाइनल कोलंबो में होना है।

बीसीसीआई सचिव जय शाह एससीसी के अध्यक्ष है। भारत ने शुरुआती चरण में कैंडी में दो मैच खेले जो बारिश से प्रभावित रहे। भारत का पाकिस्तान के खिलाफ मैच (2 सितंबर) बारिश की भेंट चढ़ गया। भारत 266 रन पर ऑलआउट हो गई थी, पाकिस्तान की पारी ही शुरू नहीं हो पाई।
सोमवार को भारत और नेपाल के मैच में बारिश ने कई बार खलल डाला। नेपाल टीम 230 रन पर सिमट गई और भारत ने 10 विकेट से जीत हासिल की।
भारत को 23 ओवर में 145 रन का टारगेट मिला था। रोहित शर्मा ने 74 और शुभमन गिल ने 67 रन की पारी खेली थी। भारत की सुपर-4 में 10 सितंबर को पाकिस्तान से टक्कर होगी। इस मैच के लिए ‘रिजर्व दिन’ रखने का प्रस्ताव है।
भारत के सुपर-4 के अन्य मैच 12 और 15 सितंबर को आयोजित होंगे। गौरतलब है कि हंबनटोटा शुष्क क्षेत्र है जहां हाल के सप्ताहों में सूखा पड़ा था।
हंबनटोटा का राजपक्षे स्टेडियम एशिया कप के शुरुआती शेड्यूल का हिस्सा नहीं है। यहां आखिरी वनडे अगस्त में हुआ था जब अफगानिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में पाकिस्तान की मेजबानी की थी।