Trending

यूएस ओपन : झेंग किनवेन पहली बार अंतिम आठ में, मेडिसन-वोंद्रोयूसोवा की भी जीत


यूएस ओपन में बीस साल की झेंग किनवेन ने पिछले वर्ष की उपविजेता ट्यूनीशिया की ओंस जैबुअर को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से मात देकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।

झेंग की जीत का मतलब है कि पिछले साल यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वालीं चार प्लेयर्स में से केवल दूसरी वरीयता की बेलारूसी आर्यना सबालेंका ही खिताब की होड़ में है। सबालेंका अगले हफ्ते महिला टेनिस संघ की रैंकिंग में शीर्ष खिलाड़ी हो जाएंगी।

तेइसवीं वरीयता की झेंग ने पांचवीं वरीयता की ओंस को बेसलाइन पर अपने आक्रामक खेल से हराया। उन्होंने 21 विनर्स लगाए। झेंग पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुंची है।

गत विजेता और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी पोलैंड की इगा स्वियातेक चौथे दौर में बाहर हो गई है। झेंग की टक्कर सबालेंका और तेरहवें नंबर की दारिया कासातकिना के बीच होने वाले मैच की विजेता खिलाड़ी के साथ होगी।

अगर झेंग यह मैच भी जीतती है तो वह 2014 में सेमीफाइनल में पहुंचने वालीं चीनी खिलाड़ी पेंग शुई और 2013 में ऐसा करने वालीं ली ना की बराबरी करेंगी।

इसके अलावा अमेरिका की मेडिसन कीज ने हमवतन जेसिका पेगुला को 6-1, 6-3 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पेगुला चारों ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में सफल रही है, अब तक सेमीफाइनल में प्रवेश नहीं कर पाई है।

मेडिसन की टक्कर चेक गणराज्य की मार्केटा वोंद्रोयूसोवा से होगी जिन्होंने अमेरिका की गैरवरीय पेटन स्टर्न्स को 6-7, 6-3, 6-2 से हराया। वोंद्रोयूसोवा के पास विंबलडन के बाद दूसरा ग्रैंडस्लैम जीतने का मौका है।

मैं खुश नहीं, बेहद खुश हूं। ली ना मेरी आदर्श रही है। जब उन्होंने 2011 में फ्रेंच ओपन जीता था तब मैं बहुत छोटी थी, मैं सोचने लगी थी कि एक एशियाई खिलाड़ी भी ग्रैंडस्लैम जीत सकती है। उस समय चीन में टेनिस इतना लोकप्रिय नहीं था।

पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीय और गत विजेता स्पेन के कार्लोस अल्कारेज को इटली के गैर वरीय मैटियो अर्नाल्डी को 6-3, 6-3,6-4 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं हुई।

अल्कारेज ओपन युग (1968 से) में लगातार तीसरी बार यूएस ओपन के अंतिम आठ में पहुंचने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। उनके अलावा केवल अमेरिका के आंद्रे अगासी ने 21 साल से पहले तीन बार यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।

विंबलडन खिताब जीतने वाले अल्कारेज की टक्कर छठी वरीयता के जैनिक सिनर और 12वीं वीयता के एलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच होने वाले विजेता से होगी।

इसके अलावा रूस के आंद्रे रूबलेव क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए है। उन्होंने ब्रिटेन के जैक ड्रेपर को 6-3, 3-6, 6-3, 6-4 से हराया। रूबलेव नौवीं बार किसी ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे है।