एशिया कप : सुपर-4 स्टेज के पहले मैच में पाक व बांग्लादेश की टक्कर आज
एशिया कप में सुपर-4 स्टेज का पहला मैच पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में दोपहर 3:00 बजे से खेला जाएगा। मैच का टॉस दोपहर 2:30 बजे होगा।
टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज नजमुल हुसैन शान्तो सुपर-4 मैच से ठीक पहले चोटिल हो गए है। उनके बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट है।
ऐसे में रन बनाने का जिम्मा पिछले मैच के शतकवीर मेहदी हसन मिराज, कप्तान शाकिब अल हसन और विकेटकीपर मुश्फिकुर रहीम पर होगा।
टीम के तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले मुकाबले में तस्कीन अहमद ने अफगानिस्तान के खिलाफ इसी मैदान पर चार विकेट झटके थे। शोरिफुल इस्लाम ने भी तीन विकेट लिए है।

हेड टु हेड में पाक टीम बांग्लादेश पर हावी रही है। दोनों के बीच वनडे एशिया कप में अभी तक 13 मैच खेले गए है। इनमें से पाक ने 12 में जीत दर्ज की है, बांग्लादेश को एक जीत नसीब हुई है। ये जीत 2018 के एशिया कप में मिली थी, जब टूर्नामेंट अंतिम बार वनडे फॉर्मेट में खेला गया था।
पाक की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत दिख रही है। टीम की तरफ से टूर्नामेंट में कप्तान बाबर आजम और मिडिल ऑर्डर बैटर इफ्तिखार अहमद शतक मार चुके है।
इतना ही नहीं, टीम के गेंदबाज भी लय में है। शाहीन 6 विकेट लेकर इस सीजन के टॉप विकेटटेकर है, हारिस रऊफ 5 विकेट लेकर उनका पीछा कर रहे है। नसीम शाह भी चार विकेट ले चुके है।
टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
यहां बांग्लादेश ने पिछले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ 334 रन बनाए थे और 89 रन से जीत हासिल की थी। उस मैच में टीम से दो शतक लगे थे।
दूसरी तरफ, पाकिस्तान को होम कंडीशन का फायदा मिला है। मेजबान टीम के बैटर और बॉलर पिच की कंडीशन से पूरी तरह वाकिफ है।
पाक के लाहौर शहर में बुधवार को धूप खिली रहेगी, बारिश की आशंका कम है। मौसम रिपोर्ट के अनुसार लाहौर में बुधवार को बारिश की आशंका 10 फीसदी है।
पाकिस्तान संभावित प्लेइंग इलेवन : बाबर आजम (कप्तान), फखर जमान, इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), शादाब खान, फहीम अशरफ, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ
बांग्लादेश संभावित प्लेइंग इलेवन : शाकिब अल हसन (कप्तान), मोहम्मद नईम, तौहीद हृदॉय, शमीम हुसैन, अनामुल हक/लिट्टन दास, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), अफीफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम और हसन महमूद/मुस्ताफिजुर रहमान