इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100 के विजेता बने किरण जॉर्ज
पुरुष एकल फाइनल में उभरते हुए भारतीय शटलर किरण जॉर्ज ने जापान के कू ताकाहाशी को सीधे गेम में मात देकर इंडोनेशिया मास्टर्स ट्रॉफी को जीता।
पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन जॉर्ज थॉमस के बेटे किरण ने ओडिशा ओपन और पोलिश ओपन जीता था। वह पिछले वर्ष डेनमार्क मास्टर्स में उपविजेता रहे थे।
इस वर्ष जनवरी में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 43वें नंबर पर पहुंचने वाले किरण ने बीते मई-जून में थाईलैंड ओपन में चीन के शीर्ष खिलाड़ियों शी युकी और वेंग होंगयांग को हराकर अपना कौशल दिखाया था।

किरण का यह विश्व टूर सुपर 100 स्तर का दूसरा खिताब है। कोच्चि के इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 56 मिनट तक चले कड़े मैच में दुनिया के 82वें नंबर के खिलाड़ी ताकाहाशी को 21-19, 22-20 से हराया।
प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी के निदेशक और पूर्व राष्ट्रीय कोच विमल कुमार ने कहा, ‘‘यह शानदार जीत है, यह इन मौकों को भुनाने और लगातार अच्छा खेलने के बारे में है।
देश के अन्य खिलाड़ी भी युवा और समान रूप से अच्छे है, इसलिए मैं उनसे काफी खुश हूं। उन्होंने कहा, ‘‘इस जीत के बाद किरण को विश्राम करने की जगह अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिये क्योंकि वह हांगकांग की यात्रा कर रहे है। उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए उसे उलटफेर करने पर ध्यान देना चाहिए।
बेंगलुरु में पीपीबीए में ट्रेनिंग करने वाले किरण मैच की शुरुआत में 1-4 से पिछड़ गये थे, उन्होंने ताकाहाशी से 8-8 से बराबरी की और फिर बढ़त बनाने लगे। उन्होंने 18-15 की बढ़त बनायी, विरोधी खिलाडी ने इस अंतर को 19-20 कर दिया।
किरण इसके बाद गेम जीत कर बढ़त बना ली। दूसरे गेम में भी दोनों प्लेयर्स के बीच कड़ा मैच हुआ। स्कोर एक समय 6-6 की बराबरी पर था, किरण ने 16-11 की बढत बना ली।
ताकाहाशी ने हार नहीं मानी और स्कोर 19-19 कर दिया किरण इस बीच पहला मैच प्वाइंट भुनाने में नाकाम रहे लेकिन दूसरा मैच प्वाइंट भुना कर उन्होंने मुकाबला जीता।