मुस्तफा मुक्केबाजी : स्वर्ण के साथ मंजू रानी ने जीती सर्वश्रेष्ठ महिला मुक्केबाज की ट्राफी
बोस्निया एवं हर्जेगोविना के साराजीवो में चल रहे 21वें मुस्तफा हाजरुलाहोविच स्मृति टूर्नामेंट में मंजू रानी ने अफगानिस्तान की सादिया ब्रोमांद को फाइनल में 3-0 से मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत ने टूर्नामेंट का अंत नौ स्वर्ण और एक रजत पदक (कुल 10 पदक) के साथ किया। पुरुषों में 63 किग्रा वर्ग में मनीष कौशिक ने एकतरफा मैच में फलस्तीन के मोहम्मद सऊद को 3-0 से हराया।
भारत का दबदबा पुरुष 92 किग्रा वर्ग में भी जारी रहा जहां नवीन कुमार ने कड़े मैच में पोलैंड के मातेयुज बेरेजनिकी को 2-1 से हराया। ज्योति, शशि, जिज्ञासा, विनाक्षी और सतीश कुमार को भी विजेता घोषित किया गया क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी फाइनल में नहीं उतरे।

मंजू को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए टूर्नामेंट की ‘सर्वश्रेष्ठ महिला मुक्केबाज चुना गया। पुरुषों में 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में बरुन सिंह शागोलशेम ने पोलैंड के जाकुब स्लोमिंस्क को 3-0 से हराया।
पुरुष 57 किगा वर्ग में आकाश कुमार को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद स्वीडन के हादी होडरस के खिलाफ 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी।